अमर उजाला ब्यूरो
ऊना। प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि के अंतर्गत 2 हेक्टेयर से कम भूमि वाले किसानों को 2000 रुपये की पहली किस्त फरवरी माह के अंत तक मिलना शुरू हो जाएगी। केंद्र की मोदी सरकार ने हाल ही में पेश किए अंतरिम बजट में इस आशय की घोषणा की थी।
इस संदर्भ में उपायुक्त राकेश कुमार प्रजापति की अध्यक्षता में विभागों के अधिकारियों के साथ बैठक हुई। बैठक में आवेदन पत्र को अंतिम रूप दिया गया। किसान सम्मान निधि में किसानों को सालाना 6000 रुपये दिए जाने का प्रावधान है। यह पैसा लाभार्थी के बैंक अकाउंट में जाएगा। उन्होंने कहा कि योजना के अंतर्गत गलत जानकारी देकर धनराशि लेने वालों से रिकवरी भी की जा सकती है।
उपायुक्त ने बताया कि योजना का लाभ लेने के लिए किसान को स्वयं आवेदन करना होगा। पहले चरण में इसके लिए पंचायत स्तर पर जल्द ही कैंप लगाए जाएंगे। इन कैंपों में पंचायत प्रधान, पंचायत सचिव, पटवारी और कृषि विभाग के कर्मचारी उपस्थित रहेंगे। लाभार्थियों को आवेदन फार्म उपलब्ध करवाए जाएंगे। कैंप लगाने वाले अधिकारियों को प्रशिक्षण भी दिया जाएगा। किसी कारणवश कैंपों में न पहुंच पाने वाले किसान कैंपों के बाद भी आवेदन फार्म को पटवारी से सत्यापित करवाकर पंचायत घरों में जमा करा सकते हैं। कृषि विभाग के विषयवाद विशेषज्ञ को नोडल अधिकारी नियुक्त किया है।
आधार नंबर जरूरी
डीसी राकेश कुमार प्रजापति ने कहा कि इस योजना का लाभ पाने के लिए किसान को अपना आधार नंबर देना होगा। अगर उनके पास आधार नहीं है तो पहली किस्त लेने के लिए वे कोई दूसरा पहचान पत्र दे सकते हैं लेकिन बाद की सारी किस्तों को पाने के लिए उन्हें आधार नंबर अनिवार्य रूप से देना होगा।