अमर उजाला ब्यूरो
दौलतपुर चौक (ऊना)। दौलतपुर प्रथम रेफरल इकाई अस्पताल में रोगी कल्याण समिति की गवर्निंग बॉडी की सालाना बैठक नपं हाल में हुई। बैठक की अध्यक्षता एसडी अंब सुनील वर्मा ने की।
इस अवसर पर गगरेट के विधायक राजेश ठाकुर, बीएमओ गगरेट डॉ. एसके वर्मा, मेंबर सेक्रेटरी एवं स्थानीय चिकित्सा प्रभारी डॉ. नीनू नरुला विशेष रूप से उपस्थित रहे। दो घंटे चली बैठक में सर्वप्रथम दौलतपुर अस्पताल प्रभारी एवं मेंबर सेक्रेटरी रोगी कल्याण समिति डॉ. नीरू नरूला ने संचालन के समक्ष साल 2018-2019 के अनुमानित बजट 34 लाख 76 हजार 386 रुपये का रखा, जिसे ध्वनि मत से पारित कर दिया गया। इसके तुरंत बाद डॉ. नीरू नरूला ने 2017-18 में अस्पताल में स्वास्थ सुविधाओं को सुदृढ़ करने के लिए उठाए कदमों और आय-व्यय का लेखा-जोखा प्रस्तुत किया गया।
उन्होंने बताया कि मरीजों को बेहतर सुविधाएं देने के लिए लैब डाइग्नोसिस के लिए तीन लाख के बजट का प्रावधान किया है। एपीएल, बीपीएल मरीजों के लिए दवाइयों के लिए दो लाख के बजट का प्रावधान किया है। बिजली एवं पानी की व्यवस्था के लिए दो लाख की व्यवस्था की गई है। मरम्मत के लिए एक लाख का प्रावधान किया गया। मातृ शिशु एवं बी पीएल परिवारों की मुफ्त दवाइयों के लिए 10 लाख रुपये बजट में रखे हैं। बिजली बिल के लिए एक लाख 80 हजार, मरम्मत, पानी व्यवस्था अन्य रखरखाव के लिए छह लाख की राशि रखी गई है। बायो मेडिकल वेस्ट के लिए 60 हजार रुपये का रखा गया है।
एसडीएम सुनील वर्मा के समक्ष मरीजों के लिए शौचालय का मुद्दा उठाया गया। एसडीएम ने कहा कि जल्द ही दौलतपुर अस्पताल परिसर में लगभग 19 लाख की लागत से सुलभ शौचालय के तहत शौचालयों का निर्माण किया जाएगा। विधायक राजेश ठाकुर ने वार्ड के लिए रैंप सहित नया ओपीडी भवन तैयार करने के निर्देश दिए। इसके अलावा पार्किंग के लिए भी अविलंब कदम उठाने के निर्देश दिए। विधायक ने कहा की सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में जगह की कमी के कारण अब किसी अन्य स्थान पर 100 बिस्तर का अस्पताल खोलने की जनता मांग उठा रही है। प्राथमिकता के आधार पर उपयुक्त स्थान पर अस्पताल खोलने की दिशा में प्रभावी कदम उठाए जा रहे हैं।
ट्रस्ट देगा ऑटो एनालाइजर और एक्सरे मशीन
एसडीएम सुनील वर्मा ने बताया कि माता चिंतपूर्णी मंदिर ट्रस्ट दौलतपुर अस्पताल के लिए एक ऑटो एनालाजर और एक्सरे मशीन देगा। एसडीएम ने कहा कि सरकार रोगी कल्याण समिति के माध्यम मरीजों को बेहतर सुविधाएं देने के लिए प्रयासरत है। इस बजट में मरीजों की हर सुविधा का ख्याल रखा गया है।
ये रहे उपस्थित
रोगी कल्याण समिति की बैठक में डॉ. सुभाष चांदला, नगर पंचायत चेयरपर्सन बबीता रानी, डॉ. सुरेंद्र कंवर, भाजपा उपाध्यक्ष प्रदीप शर्मा, कनिष्ठ अभियंता प्रमोद डडवाल, राजेश परमार, व्यापार मंडल अध्यक्ष राजीव शर्मा, भूपिंद्र डडवाल, डॉ. राकेश जसवाल, रजनी वाला, जिप सुषमा रानी, सहायक अभियंता बलदेव सिंह, अरुण शर्मा, विनोद ठाकुर, संजीव पराशर, पंकज सहित अन्य पदाधिकारी भी मौजूद थे।