भरवाईं (ऊना)। शक्तिपीठ चिंतपूर्णी में ड्यूटी कर रहे एक्ससर्विस मैन की सेवाएं लेना मंदिर न्यास अब बंद कर सकता है। मंदिर न्यास चिंतपूर्णी मंदिर में ड्यूटी पर तैनात सभी एक्स सर्विसमैन को हटाने की योजना बना रहा है। यह फैसला चिंतपूर्णी मंदिर ट्रस्ट की बैठक में लिया गया है।
चिंतपूर्णी मंदिर से फौजियों को हटाने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। हालांकि इस पर अंतिम मुहर उपायुक्त राकेश कुमार प्रजापति को लगानी है। एक सप्ताह में इनके मंदिर में रहने और न रहने को लेकर तस्वीर साफ हो जाएगी। इनकी सेवाएं न लेने के बाद चिंतपूर्णी मंदिर की सुरक्षा का जिम्मा होमगार्ड के हवाले किया जाएगा।
फिहलाल ट्रस्ट की बैठक में एक्स सर्विस मैन को मंदिर से हटाने को लेकर चर्चा हुई थी। सभी सदस्यां ने इस पर सहमति जताई थी। सूत्रों की मानें तो मंदिर प्रशासन सुरक्षा कर्मियों की सेवाएं लेते हुए इनकी संख्या कम भी कर सकता है। इस समय चिंतपूर्णी मंदिर में एक्स सर्विसमैन के 51 जवान और इनके आठ पीसी इंचार्ज ड्यूटी दे रहे हैं। होमगार्ड के 70 जवान और एक इंचार्ज ड्यूटी कर रहे हैं। एक्ससर्विस के आठ इंचार्ज को 13 हजार 500 रुपये, जबकि इनके प्रत्येक जवान को 10 हजार 500 रुपये वेतन दिया जा रहा है। होमगार्ड जवान को 600 रुपये प्रतिदिन के हिसाब से वेतन दिया जा रहा है।
एक्स सर्विसमेन के इंचार्ज बालक राम की माने तो पिछले तीन सालों से उनकी सैलरी नहीं बढ़ाई गई है जबकि उनकी मांग थी कि डीजीआर रेट पर उनको वेतन दिया जाए। उन्होंने बताया कि इन्हें एक्स सर्विसमेन सेल हमीरपुर से एक लेटर मिला है। जिसमें चिंतपूर्णी मंदिर में तीस जून तक कॉन्ट्रेक्ट खत्म होने पर आगे सेवाएं बंद करने के लिए कहा गया है। इस बात से भी इंकार नहीं किया जा सकता है कि यदि इनकी सेवाएं मंदिर ट्रस्ट लेना बंद कर देता है तो मंदिर में तैनात होमगार्ड जवानों के अलावा अतिरिक्त होमगार्ड जवानों की तैनाती मंदिर ट्रस्ट को करनी पड़ेगी।
इस बारे में मंदिर अधिकारी अवनीश शर्मा ने कहा कि वे फिहलाल स बारे में कुछ नहीं कह सकते हैं। एक्ससर्विस मैन की संख्या कम कर दी जाए या बदलकर नए सर्विस मैन की तैनाती कर दी जाए तो ज्यादा अच्छा रहेगा। डीसी को ही इस बारे में निर्णय लेना है।
बैठक में ट्रस्ट ने लिया निर्णय : सुनील
एसडीएम अंब सुनील वर्मा ने बताया कि मंदिर ट्रस्ट की बैठक में निर्णय लिया गया था कि मंदिर में तैनात एक्सर्विस मैन की सेवाएं बंद कर होमगार्ड जवानों की सेवाएं ली जाएं। इसको लेकर प्रक्रिया चली हुई है। इन एक्स सर्विस मैन की कई बार लिखित मांग आ चुकी है कि इनकी सैलरी 25 हजार तक की जाए। जबकि होमगार्ड जवान की सैलरी 18 हजार के करीब है। जिससे करीब दस हजार रुपये पर जवान बचता है। मामले की एसडीएम अंब सुनील वर्मा ने पुष्टि की है।