बंगाणा (ऊना)। पूर्व हिमफेड अध्यक्ष एवं भाजपा प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य संतोष सैणी ने सुप्रीम कोर्ट के फैसले को ऐतिहासिक करार देते हुए कहा कि तीन तलाक को सुप्रीम कोर्ट द्वारा असंवैधानिक देने का निर्णय साहसिक है। मुस्लिम महिलाओं के लिए स्वाभिमान पूर्ण एवं समानता के एक नए युग की शुरुआत है। उन्होंने कहा कि लगभग 1400 वर्ष पुरानी प्रथा को खारिज कर सर्वोच्च न्यायालय की पीठ ने एवं केंद्र की मोदी सरकार के प्रयासों से मुस्लिम बहनों को जो इंसाफ मिला है, वह इतिहास के पन्ने पर लिखा जाएगा। उन्होंने कहा कि मुस्लिम महिलाओं के पक्ष को विवेकपूर्ण तरीके से सर्वोच्च न्यायालय के सामने रखने के लिए केंद्र की मोदी सरकार बधाई की पात्र है। संतोष सैणी ने कहा कि यह फैसला किसी की जीत अथवा हार का नहीं, अपितु मुस्लिम महिलाओं के समानता के अधिकार एवं मूलभूत संवैधानिक अधिकार की जीत है। उन्होंने अपने जनसंपर्क अभियान में कहा कि केंद्र की भाजपा सरकार की ओर से हिमाचल जैसे पहाड़ी राज्य को उद्योगों के विस्तार हेतु टैक्स में छूट देकर एक बढ़िया निर्णय लिया गया है, जिससे हिमाचल के विकास को पंख लगेंगे और छोटे उद्यमियों को इससे काफी राहत मिलेगी। इस अवसर पर संतोष सैणी के साथ धुंधला वार्ड की जिप सदस्य इंदु बाला भी विशेष रूप से उपस्थित रहे।