ऊना। जिला मुख्यालय पर ऊना-अरनियाला संपर्क मार्ग पर वाहनों की पासिंग होने के चलते मंगलवार को जाम की स्थिति बन गई। ट्रकों सहित अन्य बड़े वाहनों की रोड पर कतारें लग गईं, जिससे यातायात व्यवस्था बाधित रही। लोगों को परेशानियों का सामना करना पड़ा। पासिंग के लिए उपयुक्त स्थल न होने से भी दिक्कत काफी समय से बनी हुई है। कई बार पासिंग और ट्रायल के स्थान को बदला जा चुका है, लेकिन आज दिन तक इसे स्थायी नहीं बनाया जा सका। मंगलवार को भी इस रोड पर जाम की स्थिति बनी रही। काफी देर तक जब जाम नहीं खुला तो पुलिस कर्मियों की मदद से जाम को खुलवाया गया। उधर, एसपी अनुपम शर्मा ने कहा कि यातायात व्यवस्था को सुचारु कर दिया गया।