ऊना। पुलिस थाना ऊना के तहत प्रेम नगर में जहरीला पदार्थ खाने से एक व्यापारी की मौत हो गई। मृतक की पहचान अशोक कुमार (52) निवासी ऊना के रूप में हुई है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम करवाकर परिजनों के हवाले कर दिया है। बताया जा रहा है कि व्यापारी ने गलती से किसी जहरीले पदार्थ का सेवन कर लिया। जानकारी के मुताबिक प्रेम नगर निवासी अशोक कुमार ने वीरवार को गलती से जहरीले पदार्थ का सेवन कर लिया। तबीयत बिगड़ने पर परिजन उसे ऊना अस्पताल लेकर पहुंचे। यहां चिकित्सकों ने गंभीर हालत के चलते उसे पीजीआई चंडीगढ़ रेफर कर दिया, लेकिन पीड़ित ने रास्ते में ही दम तोड़ दिया। अशोक कुमार बाजार में पिछले कई वर्षों से दुकान करता था। व्यापारी की मौत से शहर में मातम का माहौल बना रहा। उधर, एसपी अनुपम शर्मा ने कहा कि पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम क्षेत्रीय अस्पताल ऊना में करवाकर परिजनों के हवाले कर दिया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है। मामले को लेकर परिजनों से भी पूछताछ की जा रही है।