गगरेट (ऊना) प्रदेश भाजपा कार्यकारिणी सदस्य सुशील कालिया ने कहा कि कांग्रेस एक डूबता हुआ जहाज है। उन्होंने प्रेस ब्यान में कहा कि देश भर में हुए चुनाव में कांग्रेस का सफाया हुआ है। वहीं, भाजपा का ग्राफ बढ़ा है। अब प्रदेश में भी कांग्रेस की उल्टी गिनती शुरू हो गई है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस मुक्त प्रदेश का आगाज पिछले लोकसभा चुनाव से हो गया था। उसके बाद शिमला नगर निगम के चुनाव में भाजपा की बड़ी जीत ने प्रदेश में भाजपा के मिशन की कड़ी और मजबूत कर दी है। सुशील कालिया ने कहा कि प्रदेश में भाजपा बढ़ते हुए ग्राफ से कांग्रेस बौखलाई हुई है। कांग्रेस के नेता आए दिन बयानबाजी कर अपनी बौखलाहट दिखा रहे हैं। उन्होंने कहा कि कांग्रेस ने अपने इस साढ़े चार वर्ष के कार्यकाल में मात्र खनन माफिया, ड्रग माफिया और वन माफिया को ही बढ़ावा दिया है। प्रदेश विकास की दौड़ में पिछड़ गया है। इस अवसर पर उनके साथ प्रदेश भाजपा कार्यकारिणी सदस्य डॉ. श्याम वर्मा, नरेश जसवाल और निर्भय जसवाल भी उपस्थित रहे।