ऊना। जिला के बाथू स्थित निजी इंटरनेशनल विश्वविद्यालय में सोमवार को मलयेशिया के शिक्षण संस्थान की एक टीम ने दौरा किया। टीम के दौरे का मकसद मलयेशिया के संस्थान और इंडस विश्वविद्यालय के बीच शैक्षणिक संबंधों को मजबूत बनाना है। मलयेशिया से आए प्रतिनिधिमंडल में एसबी चंद्रशेखर, सीईओ एजु इंडिया, कामरुजामन अबू सम्ह, एसके भाटिया, पंकज ठाकुर, एमडी एपीएम सलूशन एवं इंडस विश्वविद्यालय की ओर से कुलपति बलजीत एस कपूर और प्रो. वाइस चांसलर सतीश मनन उपस्थित रहे। दोनों प्रतिनिधिमंडलों में शैक्षणिक व्यवस्था को लेकर काफी लंबी चर्चा हुई। वहीं मलयेशिया की टीम के सदस्यों ने इंडस विश्वविद्यालय का दौरा कर विश्वविद्यालय में दी जा रही शिक्षा का निरीक्षण भी किया। कुलपति बलजीत एस कपूर ने कहा कि मलयेशिया के प्रतिनिधिमंडल को इंडस विश्वविद्यालय में दी जा रही शिक्षा की पूरी जानकारी दी गई है। विश्वविद्यालय के प्रो. वीसी डॉ. सतीश मैनन ने कहा कि इंडस विश्वविद्यालय अंतरराष्ट्रीय स्तर पर छात्र-छात्राओं की प्रतिभा को निखारने के लिए वचनबद्ध है। इसी उद्देश्य से इस प्रतिनिधिमंडल के साथ वार्ता की गई है, आने वाले समय में इसके अच्छे परिणाम सामने आएंगे।