ऊना। जिले के गांव कोटला और धुंधला में लावारिस कुत्तों ने दो लोगों को काट लिया। घायलों को उपचार के लिए ऊना अस्पताल पहुंचाया गया। जानकारी के मुताबिक पहला मामला जिला मुख्यालय के समीपवर्ती गांव कोटला का है, जहां शीला देवी अपने घर के समीप जा रही थी कि तभी उस पर लावारिस कुत्ते ने हमला बोल दिया। उसके चीखने चिल्लाने की आवाज सुनकर स्थानीय लोग एकत्रित हुए, जिन्होंने कड़ी मशक्कत कर उसे कुत्ते के चंगुल से छुड़ाया। वहीं, दूसरा मामला बंगाणा उपमंडल के धुंधला का है, जहां विवेक अपने घर के समीप जा रहा था कि उसे लावारिस कुत्ते ने काट लिया। सीएमओ ऊना डॉ. प्रकाश दड़ोच ने बताया कि घायलों को अस्पताल में उपचार दिया गया है। फिलहाल दोनों की हालत खतरे से बाहर है।