मैहतपुर (ऊना)। हाल ही में प्रदेश स्कूल शिक्षा बोर्ड द्वारा घोषित दसवीं के वार्षिक परीक्षा परिणाम में विद्या भारती हिमाचल शिक्षा समिति के 87 सरस्वती विद्या मंदिर विद्यालयों के दसवीं कक्षा में कुल एक हजार तीन सौ चार परीक्षार्थियों में से एक हजार एक सौ परीक्षार्थी उत्तीर्ण हुए हैं। इन एक हजार एक सौ परीक्षार्थियों में से 1076 परीक्षार्थियों ने प्रथम श्रेणी में परीक्षा उत्तीर्ण की है। इनमें भी 240 छात्र-छात्राएं ऐसे हैं, जिन्होंने 90 प्रतिशत से अधिक अंक अर्जित किए हैं। प्रदेश के 87 विद्यालयों में से 21 विद्यालयों में दसवीं का वार्षिक परीक्षा परिणाम शत-प्रतिशत रहा। हिमाचल शिक्षा समिति के प्रांत प्रचार प्रमुख देवी सिंह के मुताबिक विद्या भारती अखिल भारतीय शिक्षण संस्थान द्वारा संचालित हिमाचल शिक्षा समिति के सरस्वती विद्या मंदिरों में बच्चों का मानसिक शारीरिक तथा बौद्धिक रूप से सर्वांगीण विकास करवाया जाता है। खास बात यह है कि विद्या भारती हिमाचल शिक्षा समिति एक ऐसी गैर सरकारी शिक्षण संस्था है, जिसे शासन के द्वारा किसी प्रकार की कोई आर्थिक सहायता नहीं दी जाती, बावजूद इसके इस शिक्षण संस्थान से निकले पूर्व छात्र आज अनेक उच्च पदों पर आसीन होकर राष्ट्र निर्माण में अपना योगदान डाल रहे हैं। विद्या भारती अखिल भारतीय शिक्षण संस्थान के पूर्व छात्रों का संगठन विश्व का सबसे बड़ा संगठन है।