जोल(ऊना)।
उपमंडल बंगाणा की डीहर पंचायत के तहत करीब आधा दर्जन गांवों में पिछले एक सप्ताह से पेयजल सप्लाई ठप है। डीहर पंचायत के तहत चंबोआ, राजपुरा, चड़ोली, कोकरा, बुहाणा और धनेत गांवों में पिछले सप्ताह से पानी के नलकों में पानी की बूंद तक नहीं टपकी है। एक हफ्ते से पेयजल सप्लाई ठप होने से लोगों को परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। पेयजल सप्लाई ठप होने से लोगों को कई किलोमीटर दूर प्राकृतिक जल स्रोतों से पानी लाना पड़ रहा है।
गर्मी के मौसम के चलते प्राकृतिक जल स्रोतों में भी पानी की कमी होने लगी है। लोगों को पीने के पानी के अलावा पशुओं को पानी पिलाने और घरेलू उपयोग के लिए पानी लाने के लिए दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। लोगों में डॉ. मदन लाल शर्मा, चिरंजी लाल, जोगिंद्र सिंह, प्रकाश चंद ठाकुर, डॉ. धर्म सिंह ठाकुर, सतीश ठाकुर, चरण दास शर्मा, ओंकार दास शास्त्री, अजय शर्मा, राज लाल, सुभाष चंद का कहना है कि मार्च महीने में ही पानी की दिक्कत है तो मई-जून में क्या होगा।
ग्रामीणों का कहना है कि पानी न आने से उनका अधिकतर समय अपना तथा मवेशियों के लिए पानी लाने में ही बीत रहा है। ग्रामीणों का कहना है कि आईपीएच को पानी की समस्या के बारे में कई बार बताया लेकिन समस्या को हल नहीं किया गया। लोगों का कहना है कि समस्या स्थानीय विधायक और पंचायतीराज मंत्री वीरेंद्र कंवर को भी बताई लेकिन न मंत्री ने समस्या हल की और न ही अधिकारियों ने।
आईपीएच विभाग के जेई बीवी गुप्ता का कहना है कि पानी की पुरानी पाइपों की मरम्मत के चलते पानी की समस्या पेश आई है। उन्होंने कहा कि जल समस्या हल करने को लेकर विभाग के कर्मचारियों को निर्देश दे दिए हैं। जल्द ही पानी की सप्लाई बहाल करवा दी जाएगी।