ऊना। दिवाली के त्योहार के मद्देनजर खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता सुनिश्चित करने और मिलावट पर अंकुश लगाने के लिए खाद्य सुरक्षा विभाग ने शुक्रवार को बंगाणा क्षेत्र में विशेष जांच अभियान चलाया। इस दौरान विभागीय टीम ने विभिन्न मिठाइयों और पनीर के आठ सैंपल भरे। वहीं बिना ढककर रखी गई करीब 10 किलोग्राम मिठाई को मौके पर ही फिंकवाई। विभाग की इस कार्रवाई से मिठाई विक्रेताओं में भी हलचल रही।
टीम ने क्षेत्र की विभिन्न मिठाई की दुकानों का निरीक्षण कर खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता और रखरखाव की जांच की। इस दौरान बर्फी, पनीर, मोतीचूर के लड्डू, सोनपापड़ी, बेसन बर्फी सहित अन्य उत्पादों के नमूने लिए गए। सभी आठ सैंपलों को गुणवत्ता की जांच के लिए कंडाघाट स्थित प्रयोगशाला में भेजा जा रहा है। प्रयोगशाला की रिपोर्ट में किसी भी खाद्य पदार्थ का नमूना निर्धारित मानकों पर खरा नहीं उतरता है तो संबंधित विक्रेता के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। निरीक्षण के दौरान एक स्थान पर करीब 10 किलोग्राम मिठाई बिना ढके रखी हुई मिली। खाद्य सुरक्षा मानकों और स्वच्छता को ध्यान में रखते हुए टीम ने इस मिठाई को मौके पर ही फिंकवा दिया। त्योहार के दौरान खुले में रखी मिठाइयों पर धूल, मिट्टी और अन्य दूषित तत्वों के संपर्क में आने का खतरा रहता है। ऐसे में खाद्य पदार्थों को सुरक्षित और स्वच्छ तरीके से रखना जरूरी है। विभाग ने मिठाई विक्रेताओं को खाद्य पदार्थों को ढककर रखने, साफ-सफाई बनाए रखने और निर्धारित गुणवत्ता मानकों का पालन करने के निर्देश दिए।
दिवाली के दौरान मिठाइयों और अन्य खाद्य पदार्थों की मांग बढ़ जाती है। इसी को देखते हुए विभाग की ओर से बाजारों में निरीक्षण और सैंपलिंग अभियान चलाया जा रहा है। शुक्रवार को बंगाणा में दस किलो खुली मिठाई मौके पर ही नष्ट करवाई है। इसके अलावा आठ सैंपल भरे हैं।
-जगदीश धीमान, सहायक आयुक्त खाद्य सुरक्षा ऊना