दोस्त के साथ नंगल के लिए जा रहा था युवक
संवाद न्यूज एजेंसी
नालागढ़(सोलन)। नालागढ़-स्वारघाट मार्ग पर गोल जमाला में एक बाइक के स्किड होने से बाइक सवार युवक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि बाइक पर पीछे बैठा दूसरा युवक घायल हो गया। उसे उपचार के लिए चिकित्सालय पहुंचाया गया है। जानकारी के अनुसार, सोमवार सुबह नालागढ़ के मितियां पंचायत के मैथल गांव निवासी 20 वर्षीय जसविंदर सिंह अपने मित्र के साथ बाइक पर नालागढ़ के नंगल जा रहा था। गोल जमाला के पास बाइक स्किड हो गई। इस दुर्घटना में जसविंदर की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उसका साथी गंभीर रूप से घायल हो गया। स्थानीय लोगों ने दोनों को नालागढ़ अस्पताल पहुंचाया। जहां जसविंदर को चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया, जबकि उसके साथी का इलाज चल रहा है। मामले की पुष्टि एएसपी अशोक वर्मा ने की है।