चामिया निवासी मृतक, मां के साथ लोधीमाजरा में रहता था
पुलिस ने शव कब्जे में लेकर मामले की जांच की शुरू
संवाद न्यूज एजेंसी
बद्दी(सोलन)। औद्योगिक क्षेत्र लोधीमाजरा में एक कामगार ने पंखे में फंदा लगा कर आत्महत्या कर ली है। 23 वर्षीय मृतक तरुण पुत्र हरविंद्र कसौली उपमंडल के चामिया गांव का रहने वाला था। मानपुरा पुलिस ने शव को कब्जे में लेने के बाद उसका नालागढ़ में पोस्टमार्टम कराया और अंतिम संस्कार के लिए परिजनों को सौंप दिया है।
पुलिस जानकारी के अनुसार तरुण अपनी मां के साथ लोधी माजरा में किराए के मकान में रहता था। दोनों मां व बेटा अलग अगल कंपनियों में काम करते थे। बेटा आईटीआई करने के बाद नंदपुर गांव में एक कंपनी में था और मां लोधी माजरा में ही किसी कंपनी में तैनात है। मंगलवार को तरुण ने ड्यूटी से आने के बाद अपने कमरे में पंखे से फंदा लगा लिया। शाम को जब उसकी माता कमरे में आई तो उसने अपने बेटे को कमरे में लटका हुआ देखा। उसने शोर मचाया और गांव के लोगों को इकट्ठा किया। साथ ही मानपुरा पुलिस को मौके पर बुलाया। पुलिस ने शव को पंखे से उतारा और अपने कब्जे में ले लिया। बताया जा रहा है कि तरुण कुछ दिन पहले अपनी मां को बिना बताया कहीं चला गया था। जिसपर मां ने उसे डांट दिया था। हो सकता है युवक ने इस बात का बुरा मान लिया हो। उधर, मामले की पुष्टि एएसपी अशोक वर्मा ने की है। उन्होंने बताया कि पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।