शमलेच के पास नाकाबंदी कर सोलन पुलिस ने की कार्रवाई, आरोपी युवक कुल्लू का है रहने वाला
अदालत ने आरोपी को चार दिन की पुलिस रिमांड पर भेजा
संवाद न्यूज एजेंसी
सोलन। नशा तस्करों के खिलाफ छेड़े गए अभियान के तहत सोलन पुलिस ने एक बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस ने शमलेच के पास नाकाबंदी के दौरान पंजाब रोडवेज की बस में सवार एक युवक से 11.07 ग्राम चिट्टा बरामद किया है। पकड़ा गया आरोपी कुल्लू जिले का रहने वाला है। पुलिस टीम को शहर में गश्त करते वक्त एक गुप्त सूचना मिली कि पंजाब रोडवेज की बस में नशे की एक खेप ले जाई जा रही है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए शमलेच के पास विशेष नाका लगाया और वाहनों की सघन तलाशी शुरू कर दी। तलाशी के दौरान बस में बैठा एक युवक पुलिस को देखकर घबरा गया। संदेह होने पर जब पुलिस ने उसकी तलाशी ली, तो उसके कब्जे से 11.07 ग्राम चिट्टा बरामद हुआ। आरोपी की पहचान लोकराज, निवासी गांव व डाकघर पोशना, तहसील निरमंड, जिला कुल्लू के रूप में हुई है। एसपी सोलन टीएसडी वर्मा ने मामले की पुष्टि करते हुए बताया कि आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है। उन्होंने कहा कि आरोपी को अदालत में पेश किया गया, जहां से उसे चार दिन की पुलिस रिमांड पर भेजा गया है। पुलिस अब इस बात की जांच कर रही है कि आरोपी यह नशा कहां से लाया था और इसकी सप्लाई कहां की जानी थी।