मरीजों को झेलनी पड़ी दिक्कतें, भटकते रहे इधर-उधर
एक फेस में बिजली चली जाने के बाद आई परेशानी
बाहरी लैब में पैसे देकर मरीजों के करवाने पड़ रहे है एक्सरे
संवाद न्यूज एजेंसी
सोलन। क्षेत्रीय अस्पताल में एक्सरे मशीन के खराब होने और निजी लैब में बिजली गुल रहने से मरीजों को एक्सरे करवाने में दिक्कतों का सामना करना पड़ा। शनिवार को अस्पताल रोड पर दिन में करीब एक घंटा तक बिजली नहीं थी। इसके चलते एक्सरे करवाने आ रहे मरीजों को इधर-उधर भटकना पड़ा। वहीं कई मरीजों को एक्सरे करवाने के लिए करीब एक घंटे का इंतजार करना पड़ा। ऐसे में मरीजों को उपचार करवाने में भी देरी हुई।
गौर रहे कि क्रस्ना कंपनी की ओर से लगाई गई एक्सरे मशीन में तकनीकी खराबी आ गई है। इसके चलते बीते तीन दिन से एक्सरे की सुविधा अस्पताल में लोगों को नहीं मिल रही है। ऐसे मरीजों को निजी लैब के धक्के खाने पड़े। जहां पर मरीजों को छोटे से एक्सरे के लिए ही 250 रुपये खर्च करने पड़ रहे हैं। अस्पताल में छोटे और बड़े एक्सरे की सुविधा मुफ्त मिलती है। हालांकि अस्पताल प्रशासन मशीन को ठीक करवाने के लिए संबंधित कंपनी से पत्राचार किया है। पत्राचार के बाद एक्सरे मशीन को ठीक करने के लिए तकनीशियन मौके पर भी आया। लेकिन कलपुर्जे न होने से मशीन ठीक न हो सकी। इससे फिल्म निकालने में दिक्कतें आ रही है।
गौर रहे कि क्षेत्रीय अस्पताल जिला का सबसे बड़ा अस्पताल है। यहां पर सोलन ही नहीं बल्कि जिला शिमला और सिरमौर के कुछ क्षेत्र से मरीज उपचार के लिए आते हैं। अस्पताल में तीन हड्डी रोग विशेषज्ञ है। इसी के साथ इन दिनों टीबी को लेकर भी स्क्रीनिंग चली हुई है। ऐसे में कई मरीजों को एक्सरे करवाने के लिए चिकित्सक सलाह देते हैं। लेकिन इन दिनों अस्पताल में एक्सरे की सुविधा मरीजों को नहीं मिल पा रही है।
इनसेट
क्षेत्रीय अस्पताल में एक्सरे मशीन ठीक करवाने के लिए कंपनी को कहा है। कंपनी के तकनीशियन ने मशीन की जांच कर ली है। स्क्रू को जल्द बदल दिया जाएगा। इसके बाद मरीजों को सुविधा मिल जाएगी।
-डॉ. एसएल वर्मा
चिकित्सा अधीक्षक, क्षेत्रीय अस्पताल सोलन