क्षेत्रीय अस्पताल में लगाई गई नई एक्सरे मशीन। संवाद
- फोटो : SOLAN
सोलन। क्षेत्रीय अस्पताल में मंगलवार से एक्सरे सुविधा शुरू हो गई है। सुविधा मिलने से अब मेजर एक्सरे के लिए निजी क्लीनिकों का रुख नहीं करना पड़ेगा। वहीं, एक्सरे की रिपोर्ट ऑनलाइन मिलेगी। इसके लिए सीआर सिस्टम लगाया गया है। अस्पताल में अब प्रशासन ने सीटी स्कैन मशीन को जल्द लगाने की कवायद शुरू कर दी है। इसे लेकर अस्पताल प्रशासन ने संबंधित कंपनी से संपर्क साधा है और मशीन को जल्द लगाने के लिए कहा है। इसके साथ कंपनी को जून माह में ही इसे स्थापित करने के निर्देश दिए हैं। अस्पताल में इन सुविधाओं के मिलने से लोगों को भी काफी राहत मिलेगी और लोगों की जेब पर भी अधिक बोझ नहीं पड़ेगा।
गौरतलब है कि सोलन अस्पताल में 500 एमए एक्सरे मशीन पिछले काफी समय से खराब थी। अस्पताल प्रशासन ने इसे कई बार रिपेयर करवाया था, लेकिन मशीन अधिक पुरानी होने के चलते बार-बार खराब हो रही थी और इस में फ्रेम भी सही नहीं आती थी। इससे चिकित्सकों को डायग्नोज करने में दिक्कत आती थी। इस मशीन के खराब होने के कारण छोटी मशीन के सहारे ही अस्पताल में काम चलता था। लेकिन अस्पताल में लगी नई मशीन के बाद मंगलवार से लोगों को मेजर एक्सरे करवाने की सुविधा मिल गई है।
इनसेट
आधुनिक है एक्सरे सुविधा : एमएस
क्षेत्रीय अस्पताल के एमएस डॉ. एसएल वर्मा ने कहा कि अस्पताल में लोगों को मंगलवार से एक्सरे की सुविधा दी जाएगी। अभी तक अस्पताल में छोटी एक्सरे मशीन के सहारे काम चलाया गया था, लेकिन अब लोगों को परेशान नहीं होना पड़ेगा। एक्सरे मशीन काफी आधुनिक है और सीआर सिस्टम के जरिये ऑनलाइन रिपोर्टिंग कर रिपोर्ट आती है। इसके साथ सीटी स्कैन मशीन की सुविधा भी लोगों को जुलाई माह से मिलनी शुरू हो जाएगी।