जिला परिषद हॉल में 50 स्कूलों से 200 माताएं ले रही भाग
संवाद न्यूज एजेंसी
सोलन। पहली शिक्षक मां के तहत जिला परिषद हॉल सोलन में दो दिवसीय कार्यशाला का शुभारंभ हुआ। इस मौके पर जिला उप शिक्षा अधिकारी राजकुमार पराशर ने बतौर मुख्यातिथि शिरकत की। जबकि कार्यक्रम की अध्यक्षता खंड शिक्षा अधिकारी हरि राम चंदेल ने की। कार्यशाला में 50 स्कूलों से करीब 200 माताएं भाग ले रही हैं। इस कार्यशाला का मुख्य उद्देश्य पूर्व प्राथमिक कक्षाओं के बच्चों को प्रारंभिक शिक्षा से अवगत करवाना है। उप शिक्षा अधिकारी ने सभी उपस्थित माताओं को जागरूक किया कि सरकारी विद्यालयों में सभी सुविधाएं उपलब्ध है और योग्य अध्यापकों द्वारा निशुल्क शिक्षा उपलब्ध करवाई जा रही है। खंड शिक्षा अधिकारी ने कहा कि यदि बच्चा 3 वर्ष का है तो उसका दाखिला नर्सरी, 4 वर्ष का है तो केजी और 5 वर्ष का बच्चा यूकेजी में दाखिल किया जाएगा। इस दौरान उन्होंने सरकारी स्कूलों में दी जाने वाली निशुल्क शिक्षा, किताबें, छात्रवृत्ति योजनाएं, वर्दी और एमडीएम की भी जानकारी प्रदान की। इस अवसर पर राजेश, भागीरथी, ज्योत्सना, प्रथम से रश्मि समेत अन्य अध्यापक और अधिकारी मौजूद रहे।