वाकनाघाट के समीप काम करने के बाद आ रहे थे कंडाघाट
संवाद न्यूज एजेंसी
कंडाघाट (सोलन)। डेवेंचर होटल के पास फोरलेन पर मंगलवार को मिक्सर वाहन पलट गया। इस हादसे में दो कामगारों समेत चालक इसकी चपेट में आ गए। हादसे में एक कामगार की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दूसरा गंभीर रूप से घायल हो गया।
जानकारी के अनुसार चालक मिक्सर वाहन लेकर वाकनाघाट में कार्य पूरा करने के बाद कंडाघाट की ओर आ रहा था। जैसे ही वह डेवेंचर होटल के समीप पहुंचा, वाहन अनियंत्रित होकर सड़क पर पलट गया। हादसे के बाद चालक मौके से फरार हो गया। बताया जा रहा है कि मिक्सर वाहन फोरलेन निर्माण कार्य में लगी कंपनी का है।
सूचना मिलते ही कंडाघाट पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर घायल को कंडाघाट अस्पताल पहुंचाया, जहां उसका उपचार जारी है। मृतक का पोस्टमार्टम बुधवार को सोलन अस्पताल में करवाया जाएगा। डीएसपी सोलन अशोक चौहान ने बताया कि पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और आगामी जांच जारी है।