पत्नी को कोल्ड ड्रिंक लेने के लिए भेजकर लगा लिया फंदा
संवाद न्यूज एजेंसी
बरोटीवाला(सोलन)। औद्योगिक क्षेत्र झाड़माजरी के दसोरा माजरा में किराए के मकान में रहने वाले एक व्यक्ति ने फंदा लगा कर आत्महत्या कर ली। मृतक चंद्रभान सिंह (29) पुत्र ओमप्रकाश यूपी के बदायूं जिले के बिसौली थाने के तहत रामपुरा गांव का रहने वाला था। पुलिस ने शव को पंखे से उतार कर उसे पोस्टमार्टम के लिए नालागढ़ भेजा है। मौत के कारणों का पता नहीं चल पाया है।
चंद्रभान झाड़माजरी औद्योगिक क्षेत्र के हिल टाॅप स्थित एक कंपनी में कार्यरत था। दसोरा माजरा गांव में जसविंद्र सिंह के मकान में किराए पर रहता था। उसने पत्नी को दुकान पर कोल्ड ड्रिंक लेने के लिए भेजा। उसके जाते ही उसने पत्नी की चुन्नी से पंखे में फंदा लगा लिया। जब वह कोल्ड ड्रिंक लेकर वापस आई तो वह कमरे में पंखे से झूल रहा था। उसने तुरंत लोगों को बुलाया और बरोटीवाला पुलिस को भी सूचित किया। सूचना मिलते ही पुलिस ने शव को पंखे से उतारा और उसे पोस्टमार्टम के लिए नालागढ़ भेज दिया। एएसपी अशोक वर्मा ने बताया कि पुलिस इस मामले की जांच कर रही है।