बिहार के मधुबनी जिला का रहने वाला था भगवान मुखिया
संवाद न्यूज एजेंसी
बद्दी (सोलन)। मानपुरा थाना क्षेत्र के हररायपुर में सड़क हादसे में बिहार निवासी एक कामगारकी मौत हो गई। मृतक की पहचान भगवान मुखिया पुत्र स्वर्गीय डोमू मुखिया, निवासी जिला मधुबनी, बिहार के रूप में हुई है।
पुलिस से मिली जानकारी अनुसार के अनुसार माइक्रो टर्नर कंपनी में कार्यरत मनजीत कुमार अपने साथी के साथ ड्यूटी के बाद पैदल अपने घर लौट रहे थे। इसी दौरान हररायपुर खड्ड मार्ग पर उन्हें एक व्यक्ति गंभीर घायल अवस्था में सड़क किनारे पड़ा मिला। इसकी सूचना उन्होंने पुलिस को दी। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। आसपास से टायरों के निशान सहित अन्य साक्ष्य जुटाए गए। पुलिस ने शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। उधर, पुलिस एसपी अशोक वर्मा ने मामले की पुष्टि करते हुए कहा कि अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता एवं मोटर वाहन अधिनियम की धाराओं के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।