यूपी के शाहजहांपुर का रहने वाला था युवेंद्र सिंह
संवाद न्यूज एजेंसी
बरोटीवाला (सोलन)। बद्दी-बरोटीवाला मार्ग पर सिक्का होटल के समीप एक दर्दनाक हादसा हुआ, जिसमें एक पैदल जा रहे कामगार की कैंटर की चपेट में आने से मौत हो गई। पुलिस ने कैंटर को सीज कर चालक के खिलाफ लापरवाही से वाहन चलाने का मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस ने पोस्टमार्टम करवाकर शव परिजनों को सौंप दिया है। पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार शनिवार शाम यूपी के जिला शाहजहांपुर के मथाना गांव निवासी युवेंद्र सिंह (27) पुत्र बनवारी लाल सड़क पर पैदल जा रहा था। अचानक वह एक कैंटर की चपेट में आ गया। स्थानीय लोगों ने उसे बेहोश हालत में बद्दी अस्पताल पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। एएसपी अशोक वर्मा ने मामले की पुष्टि करते हुए बताया कि पुलिस ने कैंटर के चालक के खिलाफ लापरवाही से वाहन चलाने का मामला दर्ज कर लिया है। मृतक का पोस्टमार्टम करने के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है, और जल्द ही घटना के संबंध में आगे की कार्रवाई की जाएगी।