धर्मपुर के जाबली स्थित एक ब्रांडेड शोरूम का मामला
शोरूम के प्रबंधक ने दी थी पुलिस को मामले की शिकायत
संवाद न्यूज एजेंसी
सोलन। पुलिस ने एक ब्रांडेड शोरूम से 95 हजार रुपये के कपड़े समेत अन्य सामान चोरी करने के मामले में माल में एक कर्मी को गिरफ्तार किया है। शोरूम के प्रबंधक ने पुलिस को चोरी की शिकायत दी थी। इसके आधार पर पुलिस ने शोरूम के कर्मी को गिरफ्तार कर लिया है। मामला धर्मपुर के जाबली स्थित एक शोरूम का है।
पुलिस जानकारी के अनुसार राज आनंद हाल मालिक पूमा शोरूम जाबली ने धर्मपुर पुलिस को शिकायत दी कि उनके शोरूम में डेढ़ महीना पहले इन्होंने तुषार व साहिल दो लड़कों को हेल्पर के रूप में रखा था। 10 अप्रैल को जब तुषार व साहिल शोरूम बंद करके अपने घर जा रहे थे तो तुषार का बैग सामान से भरा था, जिस पर इनके मैनेजर रजत ने तुषार के बैग को चेक किया तो उसमें शोरूम के अंदर से चुराया गया सामान कपड़े, जूते व जुराबे आदि बरामद हुए। जिसे यह लोग चोरी करके ले जा रहे थे। इसके उपरांत जब इन्होंने अपने स्टॉक को चेक किया तो इनके शोरूम से करीब 95,000 रुपये कपड़े समेत अन्य सामान चोरी होना पाया गया। पुलिस ने शिकायत पर मामला दर्ज कर आरोपी तुषार पुत्र मदन लाल निवासी गांव मंझोल को गिरफ्तार कर लिया है। जिसे अदालत में पेश कर पुलिस रिमांड पर ले लिया है। इसमें पुलिस ने आरोपी से चोरी किया सामान भी बरामद कर लिया है। मामले की पुष्टि एसपी सोलन गौरव सिंह ने की है।