साधुपुल में खड्ड का तटीयकरण का कार्य करते हुए। संवाद
जलशक्ति विभाग 4.20 करोड़ रुपये से कर रहा निर्माण
31 मार्च से पहले काम को पूरा करने का रखा लक्ष्य
संजय आजाद
चायल(सोलन)। उपमंडल कंडाघाट के तहत आने वाले साधुपुल बाजार को बचाने के लिए सुरक्षा दीवार (प्रोटेक्शन वॉल) लगाने का काम शुरू हो गया है। इससे अब बाजार के धंसने का खतरा नहीं रहेगा और यहां पर बनीं करीब दो दर्जन दुकानों समेत चायल जाने वाली मुख्य सड़क सुरक्षित हो जाएगी। जलशक्ति विभाग यहां पर सुरक्षा दीवार लगाने का कार्य कर रहा है। इसके लिए करीब 4.20 करोड़ रुपये का बजट आया है। दीवार लगाने का कार्य तेजी से चल रहा है और विभाग ने 31 मार्च से पहले इस कार्य को पूरा करने का लक्ष्य रखा है। मौजूदा समय में यहां पर स्थानीय दुकानदार खतरे के साय में दुकानें चला रहे हैं। वर्ष 2023 में भारी बरसात के चलते बाजार में गहरी दरारें पड़ गई थीं। इसके बाद स्थानीय प्रशासन ने बाजार को खाली करने के नोटिस जगह -जगह पर चस्पा कर दिए थे। हालांकि इसमें दुकानदारों की रोजी-रोटी जुड़ी थीं, इसलिए वह नहीं गए। वह यहां पर सुरक्षा दीवार लगाने की मांग उठा रहे थे। इसके बाद राज्य आपदा प्रबंधन की ओर से स्थानीय प्रशासन को राशि उपलब्ध करवाई गई। वहीं अब जलशक्ति विभाग के माध्यम से अश्वनी खड्ड में नदी किनारे सुरक्षा दीवार का निर्माण कार्य किया जा रहा है। इससे पहले यहां पर लोक निर्माण विभाग ने भी डंगा लगाया था।
कोट
सुरक्षा दीवार ठाकुरद्वारा से पुल तक बनाई जा रही है। इसका उद्देश्य बाजार को भी सुरक्षित करना है। 31 मार्च से पहले दीवार का काम पूरा कर लिया जाएगा।
ई. पीयूष बंसल,कनिष्ठ अभियंता,जलशक्ति विभाग