बसाल मार्ग पर गड्ढे भरते ग्रामीण। स्रोत जागरूक पाठक
ग्रामीणों ने चंबाघाट से बसाल तक खुद ही भर दिए मिट्टी से गड्ढे
कालका-शिमला एनएच समेत बसाल हेलीपैड को भी जोड़ती सड़क
संवाद न्यूज एजेंसी
सोलन। कालका-शिमला राष्ट्रीय राजमार्ग (एनएच) की वैकल्पिक और बसाल हेलीपैड को जोड़ने वाली सड़क की खस्ता हालत से स्थानीय ग्रामीणों और वाहन चालकों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। सड़क पर जगह-जगह बड़े गड्ढे बने हुए हैं, जो खासकर दोपहिया वाहन चालकों के लिए खतरनाक साबित हो रहे हैं। हर रोज इन गड्ढों में गिरकर लोग चोटिल हो रहे हैं, लेकिन विभाग और सरकार की ओर से अब तक कोई ठोस कदम नहीं उठाए गए हैं। इस स्थिति से परेशान होकर ग्रामीणों ने खुद मोर्चा संभालते हुए सड़क की मरम्मत का काम शुरू कर दिया है। किसान मोर्चा महामंत्री अभिलाष ठाकुर की अध्यक्षता में बसाल पंचायत के स्थानीय निवासी तारी, यशपाल, रंणीज, रविंद्र, पवन कुमार और सन्नी समेत अन्य ग्रामीणों ने चंबाघाट से बसाल तक सड़क के गड्ढों को मिट्टी से भर दिया। किसान मोर्चा महामंत्री अभिलाष ठाकुर ने कहा कि जब सरकार और लोक निर्माण विभाग जनता की मूलभूत समस्याओं की ओर ध्यान नहीं देते, तो समाज को खुद कदम उठाने पड़ते हैं। उन्होंने प्रशासन से मांग की कि इस सड़क की स्थायी और गुणवत्तापूर्ण मरम्मत शीघ्र की जाए, ताकि भविष्य में लोगों को और ज्यादा परेशानी का सामना न करना पड़े। इसके साथ ही, उन्होंने चेतावनी दी कि अगर जल्द ही इस सड़क की मरम्मत नहीं की जाती है, तो इस मार्ग को जोड़ने वाली एक दर्जन से अधिक पंचायतों के ग्रामीण आंदोलन करने से भी गुरेज नहीं करेंगे।