बद्दी – साई मार्ग को चौड़ा करने के कार्य विधायक राम कुमार नारियल फोड़ कर शुरू कराते हुए- संवाद।
-विकास की बात-
दून के विधायक राम कुमार चौधरी ने किया काम शुभारंभ,12.50 करोड़ रुपये होंगे खर्च
सड़क के दोनों ओर चौड़े ड्रेन व नालियों का किया जाएगा निर्माण
संवाद न्यूज एजेंसी
बरोटीवाला(सोलन)। औद्योगिक क्षेत्र बद्दी के व्यस्त साई मार्ग के विस्तारीकरण कार्य का शुभारंभ वीरवार को दून के विधायक राम कुमार चौधरी ने नारियल फोड़कर किया। करीब 12.50 करोड़ रुपये की लागत से साई सड़क का विस्तार किया जा रहा है, जिससे क्षेत्र में लंबे समय से बनी यातायात और जाम की समस्या का समाधान होगा। छह माह में इस कार्य को पूरा कर लिया जाएगा। विधायक ने बताया कि विस्तारीकरण कार्य से पहले सड़क पर निशान लगाने और बिजली के खंभों को स्थानांतरित करने का कार्य पूरा किया जा चुका है। अब सड़क के दोनों ओर लगभग साढ़े तीन फुट चौड़े ड्रेन एवं नालियों का निर्माण किया जाएगा, जिसके बाद सड़क निर्माण का कार्य आगे बढ़ेगा। इस परियोजना के पूरा होने से वाहन चालकों को जाम से राहत मिलेगी, वहीं पैदल चलने वाले लोगों की सुरक्षा भी सुनिश्चित होगी और दुर्घटनाओं की आशंका कम होगी। विधायक ने सड़क चौड़ा करने के कार्य में सहयोग देने के लिए स्थानीय दुकानदारों और क्षेत्रवासियों का आभार व्यक्त किया। इस दौरान विधायक ने विपक्ष पर निशाना साधते हुए कहा कि कुछ लोग केवल सोशल मीडिया पर अफवाहें फैलाकर सरकार को बदनाम करने का प्रयास कर रहे हैं, जबकि सरकार की ओर से धरातल पर लगातार विकास कार्य किए जा रहे हैं। यदि विपक्ष को लगता है कि क्षेत्र में विकास नहीं हो रहा है तो उन्हें सोशल मीडिया के बजाय मौके पर आकर वास्तविक स्थिति देखनी चाहिए। राम कुमार चौधरी ने कहा कि आचार संहिता लागू होने तथा नगर परिषद क्षेत्र में विभिन्न प्रशासनिक प्रक्रियाओं के कारण कुछ विकास कार्यों में देरी हुई, लेकिन अब कार्यों को गति दे दी गई है। नगर निगम क्षेत्र में बड़े विकास कार्यों और टेंडरों के लिए केंद्र सरकार की मंजूरी आवश्यक होती है। बिना मंजूरी के नगर निगम की वित्तीय शक्तियां सीमित रहती हैं, जिससे बड़े स्तर के विकास कार्य प्रभावित होते हैं। संवाद