जिला आयुर्वेदिक अस्पताल सोलन में हुई इंटर स्कूल प्रतियोगिताएं
राष्ट्रीय आयुर्वेद दिवस के मौके पर आयुष विभाग ने आयोजित कीं प्रतियोगिताएं
संवाद न्यूज एजेंसी
सोलन। स्कूलों के विद्यार्थियों को आयुर्वेद की ओर से जागरूक करने और उनकी प्रतिभाओं को निखारने के उद्देश्य से जिला आयुर्वेदिक अस्पताल सोलन में मंगलवार को इंटर स्कूल प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया। सलोगड़ा स्कूल के अक्षय ने शानदार योग आसनों का प्रदर्शन कर पहला स्थान हासिल किया। शमरोड़ स्कूल की यशस्वि ने दूसरा और पीएम श्री कन्या स्कूल सोलन की दिगमना ने तीसरा स्थान प्राप्त किया।
जिला आयुष विभाग की ओर से राष्ट्रीय आयुर्वेद दिवस के मौके पर इन प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया। इसमें 16 स्कूलों के 50 विद्यार्थियों ने भाग लिया। प्रश्नोत्तरी (क्विज), स्लोगन लेखन और पोस्टर मेकिंग प्रतियोगिता का भी आयोजन किया गया। विजेता विद्यार्थियों को आयुर्वेद दिवस पर आयोजित आयुष मेले के दौरान उपायुक्त सोलन मनमोहन शर्मा की ओर से सम्मानित किया जाएगा। इस दौरान विभाग के सेवानिवृत्त संयुक्त निदेशक डॉ. तेजस्वी विजय आजाद भी मौजूद रहेंगे। इस दौरान आयुष मेले में आयुर्वेद एवं आयुष चिकित्सा पद्धतियों से संबंधित विभिन्न प्रदर्शनियां एवं जागरूकता पंडाल लगाए जाएंगे। इनमें औषधीय पौधों की प्रदर्शनी, स्वस्थ आहार एवं पोषण संबंधी जानकारी और आयुर्वेदिक जीवनशैली से संबंधित जानकारी प्रदान की जाएगी।
उधर, जिला आयुष अधिकारी डॉ. निशा वर्मा पंवार ने कहा कि जिला आयुर्वेदिक अस्पताल सोलन में आयोजित प्रतियोगिताओं में विद्यार्थियों ने अपनी पूरी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। बुधवार को आयोजित होने वाले आयुष मेले में विजेताओं को सम्मानित किया जाएगा।