नालागढ़ के दभोटा में अनशन पर बैठी महिलाएं- स्रोत- ग्रामीण।
- फोटो : मृतक राजकुमारी का फाइल फोटो
प्रदूषण से परेशान ग्रामीणों का विरोध तेज, गीला कचरा वापस लौटाया, प्लांट बंद करने की मांग
नालागढ़ के हनुमान जोड़ी के पुजारी भी आंदोलन के समर्थन में आए
संवाद न्यूज एजेंसी
नालागढ़ (सोलन)। नालागढ़ के दभोटा स्थित सोलिड वेस्ट मैनेजमेंट प्लांट से फैल रहे प्रदूषण के विरोध में महिलाओं का धरना 16वें दिन भी जारी रहा। 17 मई से शुरू हुआ यह आंदोलन लगातार तेज होता जा रहा है। महिलाओं ने स्पष्ट कहा है कि जब तक प्लांट बंद नहीं होता, तब तक उनका प्रदर्शन जारी रहेगा। प्रदर्शन कर रही महिलाएं प्लांट में आने वाले गीले कचरे को अंदर नहीं जाने दे रही हैं और उसे वापस लौटा रही हैं। केवल सूखा कचरा ही प्लांट तक पहुंचने दिया जा रहा है। इस दौरान नालागढ़ के हनुमान जोड़ी के पुजारी भी आंदोलन के समर्थन में आगे आए हैं। उन्होंने कहा कि जरूरत पड़ने पर वे भी विरोध प्रदर्शन में शामिल होंगे। महिलाओं का आरोप है कि प्लांट लगने के बाद क्षेत्र में गंदगी और प्रदूषण बढ़ गया है, जिससे लोगों को सांस लेने में परेशानी हो रही है। उनका कहना है कि केमिकल युक्त पानी आसपास के जल स्रोतों में मिल रहा है, जिससे गंभीर बीमारियों का खतरा बढ़ गया है। प्रदर्शनकारियों ने चेतावनी दी है कि जब तक प्लांट को बंद कर अन्य स्थान पर स्थानांतरित नहीं किया जाता, तब तक उनका आंदोलन जारी रहेगा और विरोध और तेज किया जाएगा।