नालागढ में झुग्गियों में रहने वाले प्रवासी परिवारों को उपयोगी वस्त्र देते हुए सभा के पदाधिकारी:
संवाद न्यूज एजेंसी
नालागढ़ (सोलन)। नालागढ़ की सामाजिक संस्था स्त्री सभा ने अपनी समाजसेवा की मुहिम को जारी रखते हुए शनिवार को झुग्गी-झोपड़ी में रहने वाले लगभग 60 परिवारों को सर्दी से बचाव के लिए गर्म कपड़े वितरित किए। सभा की अध्यक्ष कृष्णा बंसल की अध्यक्षता में इन परिवारों को कंबल, शाल, स्वेटर और अन्य उपयोगी पुराने कपड़े प्रदान किए गए। संस्था ने इस सर्दी में गरीब एवं जरूरतमंद लोगों को ठंड से बचाने का संकल्प लिया है और निरंतर वस्त्र वितरण का कार्य कर रही है। सभा की अध्यक्ष कृष्णा बंसल और सचिव रजनी नैय्यर ने बताया कि स्त्री सभा केवल वस्त्र वितरण तक ही सीमित नहीं है, बल्कि लड़कियों को आत्मनिर्भर बनाने के लिए सिलाई सेंटर का भी सफलतापूर्वक संचालन करती है। इसके अलावा, सर्दियों के मौसम में स्कूली बच्चों को स्वेटर भी वितरित किए जाते हैं।