स्वरोजगार की ओर कदम: यूको आरसेटी में 30 महिलाएं ले रहीं प्रशिक्षण
पास होने पर मिलेगा सर्टिफिकेट
संवाद न्यूज एजेंसी
सोलन। सोलन की महिलाएं अब केवल ब्यूटी पार्लर का हुनर ही नहीं सीख रहीं, बल्कि बिजनेस (उद्यमिता) की बारीकियों को समझकर खुद का रोजगार शुरू करने के लिए भी तैयार हो रही हैं। यूको ग्रामीण स्वरोजगार प्रशिक्षण संस्थान की ओर से स्वयं सहायता समूह की 30 महिलाओं के लिए आयोजित विशेष प्रशिक्षण शिविर में महिलाओं को सशक्त बनाया जा रहा है। शिविर के दौरान महिलाओं को न केवल ब्यूटी पार्लर के सामान्य ज्ञान, विभिन्न प्रकार के मेकअप और फेशियल का प्रशिक्षण दिया जा रहा है, बल्कि उद्यमिता के तरीकों की भी जानकारी दी जा रही है। प्रशिक्षण के दौरान महिलाओं से रोजगार से जुड़े सवाल पूछे जा रहे हैं ताकि उनकी व्यावसायिक समझ बढ़े। खास बात यह है कि महिलाएं आपस में एक-दूसरे का मेकअप कर प्रैक्टिकल अनुभव भी साझा कर रही हैं। आरसेटी सोलन की निदेशक मीनू बारिया ने बताया कि यह 35 दिवसीय शिविर अब अपने अंतिम पड़ाव पर है। आगामी दो सप्ताह में प्रशिक्षण समाप्त होने के बाद महिलाओं को एक अंतिम परीक्षा से गुजरना होगा। इस परीक्षा में ब्यूटी पार्लर से संबंधित थ्योरी और प्रैक्टिकल दोनों सत्र होंगे। परीक्षा में सफल होने वाली महिलाओं को प्रमाणपत्र (सर्टिफिकेट) जारी किया जाएगा, जिसकी मदद से वे अपना खुद का काम शुरू कर सकेंगी या ऋण प्राप्त कर सकेंगी।
कोट
महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने के लिए यह शिविर मील का पत्थर साबित होगा। विशेषज्ञ उन्हें बारीकियां सिखा रहे हैं, ताकि वे आर्थिक रूप से स्वतंत्र बन सकें।
-मीनू बारिया, निदेशक, यूको आरसेटी,सोलन