महिलाएं कर रहीं रागी, ज्वार और बाजरा के बिस्कुट से आर्थिकी मजबूत
घर पर ही दिया जा रहा समूह से जुड़ी महिलाओं को प्रशिक्षण
मालरोड पर लगा रहीं स्टॉल, लोगों के आ रहे ऑनलाइन ऑर्डर
संवाद न्यूज एजेंसी
सोलन। शहर के चिल्ड्रन पार्क के पास सड़क किनारे शुक्रवार को स्वयं सहायता समूह की महिलाओं ने स्टॉल लगाए। इसमें महिलाएं पकवान, आचार, हरी सब्जियां और अन्य प्रकार के उत्पाद बेच रही हैं। वहीं वार्ड नंबर-3 से आई लक्ष्मी स्वयं सहायता समूह की महिलाओं की ओर से स्टॉल पर रागी, ज्वार और बाजरा के बिस्कुट बेचे जा रहे हैं। इसमें 250 ग्राम बिस्कुट का डिब्बा 100 से 150 रुपये तक दिया जा रहा है।
इस स्टॉल की संचालक और समूह की प्रधान आशा रानी ने बताया कि समूह में आसपास के क्षेत्र की 10 महिलाएं मिलकर काम करती हैं। जिन महिलाओं को उत्पादों को बनाने का प्रशिक्षण चाहिए होता है, उन्हें घर पर ही निशुल्क प्रशिक्षण दिया जाता है। इस समूह की सभी महिलाएं मिलकर उत्पाद बनाती है और शुक्रवार और शनिवार को मालरोड पर स्टॉल लगाकर बेचती हैं। इसके अलावा इन्हें ऑनलाइन ऑर्डर भी आ रहे हैं। वहीं इनके अलावा रागी, बाजरा और ज्वार के लड्डू भी बेचे जाते हैं। संचालक आशा रानी ने दावा किया कि इन उत्पादों में भारी मात्रा में कैल्शियम होता है, जो हड्डियों को मजबूत करने में मदद करता है। साथ ही इनसे पाचन क्षमता भी बढ़ती है। इसके अलावा इनकी ओर से मक्की की रोटी और सरसों का साग भी बेचा जाता है।