सात पंचायत की करीब 30 महिलाएं ले रही है इसमें प्रशिक्षण
संवाद न्यूज एजेंसी
चायल (सोलन)। उद्यमिता एवं कौशल विकास कार्यक्रम के तहत चायल पंचायत में महिलाओं को सिलाई प्रशिक्षण दिया जा रहा है। इस प्रशिक्षण शिविर में ग्राम पंचायत झाझा, नगाली, बाजनी, सकोड़ी, रहेड, हिन्नर व चायल की करीब 30 महिलाएं प्रशिक्षण ले रही हैं। महिलाओं को सिलाई के बारे में नई-नई तकनीक बताई जा रही है। सिलाई अध्यापक शांता ठाकुर ने बताया कि सिलाई प्रशिक्षण देकर महिलाओं को आत्म निर्भर बनाना है, ताकि वह स्वयं आजीविका कमा सके और दूसरी महिलाओं को भी प्रोत्साहित कर सके। इस तरह के प्रशिक्षण शिविर प्रदेश सरकार द्वारा समय-समय पर लगाए जाते हैं, ताकि महिलाएं आत्म निर्भर बन सके। उन्होंने कहा कि यदि महिलाएं प्रशिक्षण लेकर घर पर भी सिलाई का कार्य करेंगी तो उनकी अच्छी आय हो जाएगी और वह घर का खर्च भी निकाल सकेंगी।