पुलिस ने कालका-शिमला एनएच पर धर्मपुर के पास की कार्रवाई
चंडीगढ़ से सोलन की तरफ गाड़ी में आ रहे थे तीनों आरोपी
संवाद न्यूज एजेंसी
सोलन। कालका-शिमला एनएच पर धर्मपुर के पास पति-पत्नी के अलावा एक युवक से 11 ग्राम चिट्टा बरामद हुआ है। उनके खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस ने तीनों आरोपियों को कोर्ट में पेश कर चार दिन के पुलिस रिमांड पर ले लिया है।
धर्मपुर के समीप पुलिस गश्त पर थी। इस बीच सूचना मिली कि चंडीगढ़ की तरफ से दो युवक व एक महिला एक गाड़ी में धर्मपुर की ओर आ रहे हैं। जिनकी तलाशी लेने पर चिट्टा बरामद हो सकता है। पुलिस ने सूचना के आधार पर धर्मपुर के समीप नाकाबंदी कर दी। जैसे ही गाड़ी धर्मपुर पहुंची तो उसे तलाशी के लिए रोका गया। जिसमें पुलिस ने 11 ग्राम चिट्टा बरामद किया है। पुलिस ने गाड़ी में सवार कुशल कुमार निवासी गांव रिहाल डाकघर धुंदन तहसील अर्की, धीरज कुमार और उसकी पत्नी निवासी कसौली क्षेत्र को गिरफ्तार कर जांच शुरू कर दी है। एसपी सोलन गौरव सिंह ने बताया कि मामले की जांच के दौरान वारदात में संलिप्त गाड़ी को जब्त कर लिया है। गिरफ्तार आरोपियों में से एक आरोपी धीरज कुमार पहले भी आपराधिक वारदातों में शामिल रहा है। उसके खिलाफ पुलिस थाना धर्मपुर में मादक पदार्थ अधिनियम के तहत दो मामले और कसौली में एक मामला शामिल है।