तकनीकी शिक्षा मंत्री ने किया नव निर्मित आईटीआई कुठाड़ भवन का निरीक्षण
संवाद न्यूज एजेंसी
बरोटीवाला(सोलन)। तकनीकी शिक्षा और औद्योगिक प्रशिक्षण मंत्री राजेश धर्माणी ने कुठाड़ में नव निर्मित आईटीआई भवन का निरीक्षण किया। उन्होंने 6.30 करोड़ रुपये की लागत से नवनिर्मित औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान के निर्माण में अधिकारियों को उचित दिशा-निर्देश जारी किए। उन्होंने कहा कि तकनीकी शिक्षा युवाओं को एक बेहतर भविष्य तक पहुंचाने में मील का पत्थर साबित होगी।
राजेश धर्माणी ने कहा कि कुठाड़ में औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान खुलने से आसपास के क्षेत्र के युवाओं को घर-द्वार पर तकनीकी शिक्षा उपलब्ध हो रही है। प्रदेश सरकार राज्य के प्रत्येक युवा को बेहतर शिक्षा उपलब्ध करवाने के लिए प्रतिबद्ध है। तकनीकी शिक्षा को और बेहतर बनाने के लिए सरकार द्वारा विभिन्न सकारात्मक कदम उठाए जा रहे हैं। उन्होंने पंचायत प्रतिनिधियों के साथ बातचीत की और औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान के बारे में जानकारी प्राप्त की।
इस अवसर पर सीपीएस राम कुमार चौधरी, ग्राम पंचायत कुठाड़ कृष्णगढ़ के प्रधान कैलाश, ग्राम पंचायत दाड़वां के प्रधान रमेश ठाकुर, ग्राम पंचायत कुठाड़ कृष्णगढ़ के उप प्रधान पुष्पेंद्र, सुदर्शन शर्मा, हिमाचल प्रदेश कौशल विकास निगम के प्रदेश समंवयक अतुल कडोता सहित अन्य गणमान्य व्यक्ति और प्रशिक्षु उपस्थित रहे।