खांसी, जुकाम और तेज बुखार की शिकायत लेकर रोजाना सैकड़ों मरीज पहुंच रहे क्षेत्रीय अस्पताल
जिला स्वास्थ्य विभाग ने एडवाइजरी की जारी, गर्मी लगने पर न उतारें गर्म कपड़े
संवाद न्यूज एजेंसी
सोलन। मौसम में लगातार बदलाव के कारण जिले के अस्पतालों में वायरल और निमोनिया के मामलों में बढ़ोतरी हुई है। अधिकतर मरीज खांसी, जुकाम और बुखार की शिकायत लेकर अस्पताल पहुंच रहे हैं। चिकित्सकों के अनुसार बीमार होने के बाद बुखार ठीक होने में 10 से 15 दिन लग रहे हैं। चिकित्सकों का कहना है कि दिन में तेज धूप निकलने पर पसीना आने और लोग गर्म कपड़े उतार देने के कारण शरीर में ठंड लग रही है। वहीं, सुबह और शाम ठंडी हवा चलने से भी लोग बीमार हो रहे हैं। क्षेत्रीय अस्पताल समेत अन्य स्वास्थ्य संस्थानों में मरीजों की भीड़ उमड़ रही है। क्षेत्रीय अस्पताल के मेडिसिन ओपीडी में रोजाना 150 से अधिक वायरल मरीज पहुंच रहे हैं। इनमें कई लोग निमोनिया से भी पॉजिटिव पाए जा रहे हैं, जिनमें गंभीर स्थिति वाले मरीजों को भर्ती कर उपचार दिया जा रहा है। जिला स्वास्थ्य विभाग ने एडवाइजरी जारी करते हुए लोगों से अपील की है कि मौसम बदलने पर गर्म कपड़े उतारने से बचें और खांसी, जुकाम या तेज बुखार होने पर तुरंत चिकित्सक से संपर्क करें।
कोट
इन दिनों ओपीडी में वायरल से पीड़ित काफी मरीज आ रहे हैं। मरीजों को गर्मी महसूस होने पर गर्म कपड़े न उतारने की सलाह दी जा रही है। टेस्ट करवाए जा रहे हैं, जिनमें कई मरीज निमोनिया से भी प्रभावित पाए जा रहे हैं। उपचार दिया जा रहा है।
-डॉ. तरुण शास्त्री, मेडिसिन विशेषज्ञ, आरएच सोलन
कोट
अस्पतालों में वायरल के मरीजों की लगातार संख्या बढ़ रही है। लोगों से आग्रह है कि वे अपना ध्यान रखें। खांसी, जुकाम, बुखार होने पर तुरंत चिकित्सक की सलाह लें।
-डॉ. अजय पाठक, मुख्य चिकित्सा अधीक्षक, सोलन