नगर परिषद परवाणू की बैठक में भाग लेते पार्षद एवं अन्य सदस्य। संवाद
नगर परिषद की बैठक में लिया, लाइब्रेरी, बैडमिंटन हॉल और वेंडिंग जोन पर भी बनी सहमति
संवाद न्यूज एजेंसी
परवाणू (सोलन)। नगर परिषद परवाणू की मासिक बैठक में शहर के विकास और सुरक्षा को लेकर कई महत्वपूर्ण निर्णय लिए गए। नगर परिषद अध्यक्ष मोनिशा शर्मा की अध्यक्षता में हुई इस बैठक में मुख्य रूप से शहर के प्रवेशद्वार की सुरक्षा मजबूत करने पर ज़ोर दिया गया। परिषद ने अब शहर में वायरलैस सीसीटीवी कैमरे स्थापित करने का निर्णय लिया है। ये कैमरे प्रवेशद्वार पर सुरक्षा को मजबूत करेंगे और शहर में बढ़ रहे नशे और चोरी के मामलों को पकड़ने में मदद करेंगे।शहर में एक बैडमिंटन हॉल और लाइब्रेरी के निर्माण पर चर्चा की गई, जिससे युवाओं और छात्रों को बेहतर माहौल मिलेगा। बैठक में सड़क किनारे अव्यवस्थित रेहड़ी-फड़ी व्यवस्था को सुव्यवस्थित करने के लिए वेंडिंग जोन के निर्माण को जल्द प्राथमिकता में रखने पर जोर दिया गया। हाल ही में हिमुडा की ओर से अवैध झुग्गियों को हटाकर खाली करवाई गई भूमि पर ईडब्ल्यूएस (आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग) भवन निर्माण को लेकर भी चर्चा हुई। बैठक में शहर के वार्डों की भिन्न-भिन्न समस्याओं पर चर्चा की गई, जिसमें शहर में सफाई का मुद्दा भी शामिल रहा।अन्य विकास योजनाओं और चल रहे कार्यों की प्रगति पर भी विस्तार से चर्चा की गई। बैठक में नगर परिषद कार्यकारी अधिकारी संदीप कुमार, उपाध्यक्ष लखविंदर सिंह, पार्षद ठाकुर दास, डेजी ठाकुर, निशा शर्मा, रंजीत, चंद्रावती, मनोनीत पार्षद रविंद्र गर्ग, कांता कपूर, संजय यादव, सुखविंदर सिंह, कनिष्ठ अभियंता मौजूद रहे।