राष्ट्रीय, अंतरराष्ट्रीय स्तर पर नाम
कमाने वालों को करेंगे सम्मानित
मानव कल्याण समिति अर्की का प्रतिभा सम्मान समारोह आज
संवाद न्यूज एजेंसी
अर्की(सोलन)। मानव कल्याण समिति अर्की का वार्षिक प्रतिभा सम्मान समारोह रविवार को गोरक्षक सभा अर्की के सामुदायिक भवन में आयोजित किया जाएगा। समिति के सचिव राजेश कपाटिया ने बताया कि समिति हर वर्ष यह समारोह आयोजित करती है। इसमें राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर नाम अर्जित करने वाली विभूतियों के साथ-साथ सरकारी स्कूलों के बोर्ड परीक्षाओं में तहसील स्तर पर प्रथम तीन स्थान प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों को सम्मानित किया जाता है।इस बार समारोह में बातल के राज्य शिक्षक पुरस्कार विजेता पुष्पेंद्र कौशिक, मोहल के मूर्तिकार जगत राम, कोलका के स्वर्ण पदक विजेता राष्ट्रीय कुश्ती खिलाड़ी कुलवंत सिंह और 108 एंबुलेंस में कार्यरत पराग वर्मा, जिन्होंने रिकार्ड 41 प्रसव कराए हैं, को सम्मानित किया जाएगा। सत्र 2023-24 में जमा दो परीक्षा में अर्की स्कूल की ईशा, चंडी के गौरव शर्मा और दाड़लाघाट की नेहा व भारती और दसवीं परीक्षा में चंडी के राहुल, पंजल की भारती और भूमति के मयंक को पुरस्कार के लिए नामित किया गया है। स्व. भवेशीराज शर्मा की पुण्य स्मृति में स्थापित बीआर शर्मा मेमोरियल पुरस्कार के लिए जमा दो वर्ग में चंडी की मीनाक्षी, मांगू की राशि और 10वीं वर्ग में कुनिहार की आंचल व धुंदन की हिमाक्षी को चुना गया है। समिति के संस्थापक डॉ. संत लाल शर्मा ने बताया कि सभी नामांकित प्रतिभाओं से संपर्क कर समारोह में पधारने का अनुरोध किया है। इसके अलावा समिति के निशुल्क चिकित्सा शिविरों में योगदान देने वाले स्वास्थ्य अधिकारियों, कर्मचारियों, स्वयंसेवकों और दानी सज्जनों को भी आमंत्रित किया गया है।