ढेला पंचायत में दिया चोरी की वारदात को अंजाम, एक माह बाद घर में थी शादी
संवाद न्यूज एजेंसी
बद्दी (सोलन)। ढेला पंचायत के एक घर में चोरों ने गहनों पर हाथ साफ कर लिए। यह चोरी उस समय हुई जब घर के सभी सदस्य सोए हुए थे। परिवार के सदस्य सुबह जब जागे तो देखा कि सारा सामान बिखरा पड़ा था। सूचना मिलते ही बद्दी से डीएसपी अभिषेक ने भी घटना स्थल का दौरा किया। यह चोरी ढेला पंचायत के वार्ड पंच देश राज के भाई कृष्ण के घर में हुई है। पंचायत की प्रधान नीलम चौधरी ने भी घटना स्थल का दौरा किया। नीलम चौधरी ने एसपी से मांग उठाई कि क्षेत्र में रात्रि गश्त बढ़ाई जाए। वहीं उन्होंने जल्द चोरों को पकड़ने की मांग उठाई है। कृष्ण ने बताया कि उनके बेटे की अगले माह शादी थी। इसके लिए उन्होंने गहने बनाए हुए थे। उधर, एएसपी अशोक वर्मा ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि पुलिस के पास शिकायत आई है। इसकी जांच की जा रही है।