धर्मपुर (सोलन)। कसौली पर्यटन स्थल में नवंबर में बाहरी राज्यों के पर्यटकों की भारी भीड़ का नजारा देखने को मिल रहा है। कसौली देश के कोने-कोने में अपनी सुंदरता और ठंडक के लिए मशहूर है। हजारों की संख्या में बाहरी राज्य के पर्यटक यहां घूमने का लुत्फ उठाते हैं। कसौली बस स्टैंड से लेकर तिब्बतियन मार्केट, हेरिटेज मार्केट, न्यू मार्केट, गिलवर्ड, मेडिटेशन प्वाइंट में पर्यटक घूमने का मजा ले रहे हैं। हालांकि, बंदर भी पर्यटकों के आनंद में खलल डालते हैं लेकिन उसके बावजूद पर्यटकों के उत्साह में कमी नहीं। कसौली पर्यटन स्थल में साल के अंत तक पर्यटकों की भारी भीड़ रहने का अनुमान लगाया जा रहा है।
पर्यटकों के आने से कारोबारियों के चेहरों पर साफ रौनक देखी जा सकती है। पर्यटक इन दिनों आने वाली सर्दी के लिए गर्म कपड़े खरीद रहे हैं। लॉकडाउन के कारण पर्यटन उद्योग को भी भारी नुकसान की भरपाई करने में कसौली के कारोबारी कोई कसर नहीं छोड़ रहे। पर्यटन निगम के होटल रोज कोमोन, आरमेडन, अलेशिया होटल, कसौली कैसल, कसौली रिसॉर्ट, होटल शिवालिक, वुड क्रीक की ऑक्सुपेंसी फुल है। कसौली पर्यटन स्थल को पर्यटकों के लिए खोला है उसी दिन से अभी तक ऑक्यूपेंसी में लगातार उछाल आ रहा है। बाहरी राज्यों से आ रहे पर्यटकों को होटल में आने से पहले सैनिटाइजर इस्तेमाल करने और मास्क पहनकर ही अंदर आने की इजाजत दी जा रही है।