सोलन शहर के मालरोड पर बारिशमें छाता लेकर घूमते लोग। संवाद
जिलेभर में रविवार को हुई बारिश से मौसम सुहावना,फसलों को होगा फायदा
किसान-बागवानों के चेहरों पर आई रौनक
संवाद न्यूज एजेंसी
सोलन। जिलेभर में रविवार को हुई बारिश से मौसम सुहावना हो गया। सुबह से ही आसमान में बादल छा गए थे। वहीं इस दौरान सुबह करीब 9:00 बजे से रुक-रुक कर बारिश का क्रम शुरू हुआ। वहीं सुबह करीब 11:00 बजे से तेज बारिश हुई। इस दौरान दिन के तापमान में भी करीब 9.2 डिग्री सेल्सियस की गिरावट दर्ज की गई, जबकि जिले में करीब 18.4 मिलीमीटर बारिश इस दौरान दर्ज कर की गई, जोकि प्रदेशभर में सबसे अधिक रही। इससे कम मनाली में 14 मिलीमीटर बारिश रिकॉर्ड की गई। बारिश से दोबारा से ठंड का एहसास हो गया। लोगों को फिर से गर्म कपड़े निकालने पड़े। वहीं ठंड से बचने के लिए हीटर व ब्लोअर का सहारा लेना पड़ा। वहीं बारिश से किसानों-बागवानों चेहरों पर रौनक छा गई है। इन दिनों लहसुन के लिए बारिश की जरूरत है। बारिश के बाद लहसुन का साइज मोटा हो जाएगा। साथ ही जिन क्षेत्रों में अभी गेहूं की फसल हरी है, वहां पर भी बारिश से दाने का साइज बढ़ेगा। हालांकि मैदानी क्षेत्रों में गेहूं की फसल कुछ जगह तैयार है, जो बारिश से खराब हो सकती है। इसी तरह जिले के ऊपरी क्षेत्रों में अभी टमाटर, शिमला मिर्च, हरी मिर्च समेत अन्य नकदी फसलों की रोपाई का कार्य चल रहा है। इससे अब किसानों को काफी राहत मिली है। वहीं फलदार पौधों खुमानी, प्लम, नाशपाती के लिए भी बारिश काफी फायदेमंद साबित होगी क्योंकि उनमें अभी फल लग रहे हैं, उनके साइज में भी बढ़ोतरी होगी। उधर, नौणी विवि के मौसम विशेषज्ञों के अनुसार अभी आगामी दो तीन दिनों तक बारिश होने के आसार हैं।
सोलन शहर के मालरोड पर बारिशमें छाता लेकर घूमते लोग। संवाद