बद्दी-पिंजौर मार्ग पर फोरसीजन के समीप सड़क पर भरा पानी। संवाद
- फोटो : गौहानी कलां मार्ग पर भरे पानी में नहाते बच्चे।
पानी की निकासी न होने से राहगीरों को झेलनी पड़ी दिक्कतें
संवाद न्यूज एजेंसी
बद्दी(सोलन)। पिंजौर बद्दी-पिंजौर फोरलेन पर रेड लाइट चौक के समीप सड़क पर बारिश का पानी भरने से वाहन चालकों को पूरा दिन परेशानी का सामना करना पड़ा। मंगलवार को हुई तेज बारिश के बाद मार्ग पर दो-दो फुट पानी भर गया। इससे करीब दो दर्जन प्रवासी कामगारों के बच्चे स्कूल नहीं जा पाए। जानकारी के अनुसार, एनएचएआई ने मार्ग की मरम्मत कराने के लिए कच्चा माल सड़क के किनारे रख दिया है। इससे पानी की निकासी रुक गई। बद्दी-पिंजौर फोरलेन निर्माण कार्य के चलते सड़क पर पानी की निकासी न होने से जलभराव का स्थिति बनी हुई है। जैसे ही बीबीएन में बारिश आती है तो फोरलेन पर पानी जमा हो जाता है। इससे पैदल चलने वाले लोग व दोपहिया वाहन चालकों को काफी परेशानी होती है। स्थानीय निवासी प्रदीप शर्मा, पंकज शर्मा, राकेश कुमार ने बताया कि मोतिया प्लाजा के सामने पानी निकासी की नाली नहीं है। दोनों ओर शोरूम व मकान बने होने से पानी की निकासी नहीं हो रही। सारा पानी सड़क पर जमा हो जाता है। यहां पर रहने वाले लोगों को यह समस्या ज्यादा परेशानी बनी हुई है।
पानी में फंस गई थी कार
पिंजौर-बद्दी फोरलेन मार्ग पर फोर सीजन के समीप मार्ग में गड्ढा होने से एक कार पानी के बीच में फंस गई। इससे इसमें सवार लोगों को किसी तरह बाहर निकाला। पानी कम होने से कार को बाहर निकाला गया।
मार्ग की मरम्मत के करने के दिया गया ठेका
उधर, एनएचएआई ने प्रोजेक्ट प्रभारी असलम खान ने बताया कि मार्ग कि मरम्मत का कार्य शुरू कर दिया गया है। रोड टेक कंपनी को इसका ठेका दिया हुआ है। मौसम खराब होने से काम रुका हुआ है। जैसे ही मौसम खुलता है तो इसे ठीक कर दिया जाएगा।