दभोटा खड्ड में पानी आने से वैक्लपिक रास्ता बह गया। संवाद
वाहन चालकों को पांच किलोमीटर का तय करना पड़ रहा अतिरिक्त सफर
तंग सड़क होने से लग रहा है जाम, लोग हो रहे परेशान
संवाद न्यूज एजेंसी
नालागढ़ (सोलन)। बीबीएन व उसके साथ लगते क्षेत्रों में सोमवार देररात हुई तेज बारिश होने से दभोटा खड्ड उफान पर आ गई। इससे पंजाब के भरतगढ़ को जाने वाला रास्ता बह गया। अब वाहन चालकों को वाया बोदला होकर जाना पड़ रहा है। इससे एक तो मार्ग तंग होने से जाम लग रहा है, वहीं दूसरी ओर वाहन चालकों को पांच किलोमीटर का अतिरिक्त सफर तय करना पड़ रहा है। दभोटा खड्ड सोमवार रात से उफान पर है। दो साल पहले दभोटा पुल टूटने के बाद वाहन खड्ड से होकर पंजाब के भरतगढ़ की ओर जाते थे, लेकिन अब रास्ता बहने से वाहन चालक बोदला हो कर जा रहे हैं। दभोटा निवासी विक्की, जगतार सिंह, संगत सिंह, जिंदरपाल व कृष्ण लाल ने बताया कि दो साल से दभोटा पुल टूट गया है। इस पुल का कार्य पंजाब पीडब्ल्यूडी की ओर से करवाया जा रहा है। हिमाचल पीडब्ल्यूडी ने भी अपना शेयर पंजाब को दिया है। पिछले एक माह से पुल का काम बरसात के चलते बंद पड़ा है। लोग पिछले दो साल से अधिक समय से खड्ड में उतर कर पंजाब को जा रहे हैं। सोमवार को हुई बारिश से यह मार्ग पूरी तरह से बह गया है। अब पानी उतरने के बाद दोबारा से कच्चा रास्ता बनाया जाएगा। ग्रामीणों ने विभाग से पुल का कार्य जल्द पूरा करने की मांग की है। उधर, पीडब्ल्यूडी के सहायक अभियंता राज कुमार ने बताया कि पंजाब के भरतगढ़ की ओर जाने वाले वाहन चालक वाया बोदला होकर जा सकते हैं। दभोटा पुल को जल्द तैयार करने के लिए पंजाब के पीडब्ल्यूडी को सूचित किया गया है।