सोलन। बरसात के मौसम में गाद के चलते पानी की किल्लत से निपटने के लिए आपूर्ति में एक घंटे की कटौती करेगा। यदि पानी की समस्या ज्यादा होगी तो जल शक्ति विभाग आपूर्ति दो घंटे कम कर सकता है। विभाग ने रोस्टर तैयार कर लिया है। इस समय चार घंटे पानी दिया जा रहा है लेकिन बरसात के दिनों में गाद की संभावना के मद्देनजर पेयजल आपूर्ति पर भी असर देखने को मिलता है। ऐसे में विभाग ने पूरी तैयारियां शुरू कर दी हैं। सोलन शहर समेत कुछ अन्य जगहों में अब पानी की आपूर्ति चार नहीं बल्कि तीन घंटे होगी।
जानकारी के अनुसार जिन क्षेत्रों में पानी की आपूर्ति चार घंटे की जाती है, वहां पर तीन घंटे ही पानी छोड़ा जाएगा। जहां तीन घंटे पानी की आपूर्ति हो रही है, वहां दो घंटे ही पानी लोगों को मुहैया करवाया जाएगा। शहर सहित ग्रामीण क्षेत्रों में 60 हजार के करीब आबादी को पानी की आपूर्ति की जा रही है। इसमें गिरि और अश्वनी खड्ड पेयजल योजनाओं से विभाग एक से डेढ़ करोड़ लीटर पानी को लिफ्ट कर रहा है। योजनाओं के सूखने से जलस्तर घट जाता है। इस कारण लोगों को कई बार तो खुद के टैंकर मंगवाकर गुजारा करना पड़ रहा है। इसे देखते हुए विभाग ने योजना पर कार्य करना शुरू कर दिया है।
रोस्टर के हिसाब से दिया जाएगा पानी : सुमित
अधिशासी अभियंता सुमित सूद ने बताया कि बरसात में गाद से होने वाली पानी की किल्लत को दूर करने के लिए विभाग ने रोस्टर के हिसाब से आपूर्ति की योजना बनाई है। आपूर्ति में एक से दो घंटे की कटौती की जा सकती है। उन्होंने बताया कि अभी सोलन मंडल में पानी की किल्लत सामने नहीं आई है लेकिन किल्लत पर रोस्टर से पानी दिया जाएगा। उन्होंने बताया कि गिरि और अश्वनी योजना से एक से डेढ़ करोड़ लीटर पानी को लिफ्ट किया जा रहा है।