बाॅल न होने से हो रही परेशानी
संवाद न्यूज एजेंसी
सोलन। क्षेत्रीय अस्पताल सोलन में लगी टंकियों में बॉल न होने के कारण कर्मचारियों को ही पानी चाबी को बंद कर व्यर्थ बहने से बचाना पड़ रहा है। वहीं कर्मचारियों के न होने पर शनिवार को टंकियां भरने के बाद भी लगभग 10 मिनट तक पानी व्यर्थ ही बहता रहा। जब तक कर्मचारियों को पता चला तो हजारों लीटर पानी व्यर्थ बह गया। पानी सड़क पर आते-जाते लोगों और वाहन चालकों पर गिरता रहा। इस कारण पैदल जाने वाले लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ा।
व्यर्थ बहते पानी को देख स्टाफ को अस्पताल के कर्मचारियों को फोन कर चाबी बंद करने को कहना पड़ा। इस दौरान सड़क से गुजर रहे लोगों ने कहा कि शहर के कई घरों में तीन दिन से पानी नहीं आ रहा है। ऐसे समय में पानी को व्यर्थ होने से बचाया जाना चाहिए। क्षेत्रीय अस्पताल सोलन के चिकित्सा अधीक्षक डॉ. राकेश पंवार ने कहा कि पानी की सभी टंकियों में वाटर बॉल लगाने के लिए कहा है। इसका काम पूरा होने के बाद अस्पताल में पहुंचने वाला पानी व्यर्थ नहीं बहेगा। गर्मी में पानी की बचत करना जरूरी होता है। उन्होंने कर्मचारियों को भी निर्देश दिए कि समय-समय पर चाबी को बंद किया जाए।