दोनों पेयजल योजनाओं गिरि व अश्वनी से नहीं हुई लिफ्टिंग एक की मोटरें खराब, दूसरी में गाद आने से शहर में भी बिगड़े पानी के हालात
संवाद न्यूज एजेंसी
सोलन। सोलन शहर में पेयजल संकट बढ़ता जा रहा है। शुक्रवार को शहर को पेयजल मुहैया करवाने वाली दोनों योजनाओं गिरि व अश्वनी से लिफ्टिंग नहीं हुई। वहीं शहर के कुछ वार्डों में पिछले पांच दिन से पानी की एक बूंद भी नहीं मिली है, जिससे आम जनजीवन पूरी तरह अस्त-व्यस्त हो गया है। आलम यह है कि शहर की प्यास बुझाने वाली जलशक्ति विभाग की दोनों मुख्य पेयजल योजनाएं एक साथ तकनीकी खराबी और प्राकृतिक कारणों से दम तोड़ चुकी हैं। इसका खामियाजा लोगों को झेलना पड़ रहा है। सोलन को पानी की आपूर्ति करने वाली गिरि पेयजल योजना और अन्य मुख्य स्रोत पर एक साथ दोहरी मार पड़ी है। गिरि योजना में पहले मुख्य प्रेशर पाइप फटने के कारण लिफ्टिंग बाधित हुई थी। जैसे ही पाइप की मरम्मत का कार्य पूरा हुआ, अब योजना की मोटरें शॉर्ट-सर्किट के कारण जल गई हैं। दूसरी ओर अन्य सहायक अश्वनी पेयजल योजना में भारी मात्रा में गाद आने के कारण पानी की लिफ्टिंग प्रभावित हुई है। विभाग का कहना है कि मशीनों को नुकसान से बचाने के लिए पंपिंग रोकनी पड़ी है। जानकारी के अनुसार शहर में पानी के वितरण की जिम्मेदारी नगर निगम के पास है, जबकि लिफ्टिंग का जिम्मा जल शक्ति विभाग संभालता है।
सोमवार को पाइप फटने से शहर की सप्लाई थी ठप
इससे पहले बीते सोमवार को भी गिरि पेयजल लिफ्टिंग पाइप फटने से शहर की सप्लाई ठप रही थी। बार-बार आ रही इन बाधाओं ने नगर निगम और जलशक्ति विभाग के बीच समन्वय और बैकअप व्यवस्थाओं की पोल खोल कर रख दी है। पांच दिनों से पानी न आने के कारण स्थानीय निवासियों का गुस्सा सातवें आसमान पर है। होटल व्यवसाय और ढाबा संचालकों को भी भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। यदि शुक्रवार रात तक लिफ्टिंग शुरू नहीं हुई, तो शनिवार को भी शहर में हाहाकार मचने की पूरी संभावना है।
कोट
लिफ्टिंग न होने के कारण भंडारण टैंक खाली पड़े हैं। शुक्रवार को जलशक्ति विभाग की ओर से बहुत कम मात्रा में पानी उपलब्ध कराया गया था, लेकिन स्थिति की गंभीरता को देखते हुए उसे अस्पतालों, फायर हाइड्रेंट और अन्य आपातकालीन सेवाओं के लिए सुरक्षित रखा गया है। आम उपभोक्ताओं के लिए फिलहाल सप्लाई उपलब्ध नहीं है।
-ई. अल्पना सहायक अभियंता, नगर निगम, सोलन
इनसेट
चंडीगढ़ से मंगवाए जा रहे स्पेयर पार्ट्स
जल शक्ति विभाग के एसडीओ ऐन सिंह ने कहा कि गिरि योजना की मोटरों में आई खराबी को दूर करने के लिए युद्ध स्तर पर प्रयास किए जा रहे हैं। मोटरों की मरम्मत के लिए कुछ विशेष तकनीकी पुर्जे (पार्ट्स) चंडीगढ़ से मंगवाए गए हैं। उन्होंने उम्मीद जताई है कि शुक्रवार देर शाम तक मरम्मत का कार्य पूरा कर लिफ्टिंग दोबारा शुरू कर दी जाएगी।
ई. ऐन सिंह, सहायक अभियंता जलशक्ति विभाग