बद्दी (सोलन)। हिमुडा ने बद्दी के हाउसिंग बोर्ड में रहने वाले 67 लोगों को बिल जमा न कराने पर पानी के कनेक्शन काटने के आदेश दे दिए हैं। इन लोगों ने सात साल से पानी का बिल जमा नहीं किया है। विभाग को करीब 20 लाख रुपये लेना है।
अगर 10 अक्तूबर तक इन्होंने बिल जमा नहीं कराए तो इनके कनेक्शन काट दिए जाएंगे। हाउसिंग बोर्ड बद्दी के निवासी पानी के बिल जमा न करवाने वाले उपभोक्ताओं पर अब हिमुडा ने शिकंजा कसना शुरू कर दिया है। पानी के बिल न जमा करवाने लोगों को अंतिम नोटिस भेजकर एक तय सीमा के भीतर बिल जमा न करवाने वाले लोगों के कनेक्शन काट दिए जाएंगे। हिमुडा ने इसके लिए अपना रुख कड़ा कर लिया है। हिमुडा के तहत फेस 1 से फेस 3 तक करीब 67 ऐसे लोगों को नोटिस भेज दिए हैं। इनकी राशि बीस हजार से लेकर चार लाख तक है। ये लोग कई वर्षों से पानी के बिलों पर कुंडली मारकर बैठे हुए हैं। इसमें कुछ लोग ऐसे भी हैं, जिन्होंने पिछले करीब सात वर्षों से बिल जमा नहीं करवाया है। अब उनकी राशि चार लाख रुपये से अधिक हो गई है।
इसके अतिरिक्त ऐसे भी लोग हैं जिनके पास चंद हजार रुपये फंसे हैं लेकिन हिमुडा ने उन्हें नोटिस नहीं भेजे हैं। जिन लोगों ने अपने अपने बिल जमा नहीं करवाए हैं उनको अंतिम बार 10 अक्तूबर तक बिल जमा करवाने की छूट दी जाएगी। यदि उसके बाद भी बिल जमा नहीं करवाते हैं तो उनके कनेक्शन काट दिए जाएंगे। फेस एक से फेस तीन तक करीब बीस लाख से अधिक राशि उपभोक्ताओं के पास फंसी है। इनमें एक तथा दो फेस में करीब 10 लाख 30 हजार 415 रुपये तथा फेस तीन में 9 लाख 91 हजार 131 फंसे हैं। बार-बार नोटिस देने के बावजूद इन लोगों के कानों पर जूं नहीं रेंग रही है। ऐसे में हिमुडा ने इस राशि को निकालने के लिए पानी के कनेक्शन काटने का मन मना लिया है।
एसडीओ प्रदीप कुमारी ने बताया कि फेस एक से तीन के करीब 147 लोग ऐसे हैं जिन्होंने पानी का बिल जमा नहीं करवाया है। इनमें 67 लोग ऐसे हैं जिनके पास बीस हजार से चार लाख रुपये तक फंसे हैं। लंबे समय से बिल जमा नहीं करवा रहे हैं। इन लोगों को अब 10 अक्तूबर तक का समय दिया जाएगा। यदि ये लोग इस समयावधि के भीतर बिल जमा नहीं करवाते हैं तो कनेक्शन काट दिए जाएंगे।