संवाद न्यूज एजेंसी
सोलन। राजकीय महाविद्यालय सोलन के एनएसएस सात दिवसीय विशेष शिविर के पांचवें दिन स्वयंसेवियों ने समाज सेवा की मिसाल पेश की। कार्यक्रम समन्वयक डॉ. घनश्याम सिंह सोनी के नेतृत्व में करीब 100 स्वयंसेवियों ने गोद लिए गए गांव डमरोग में सघन स्वच्छता अभियान चलाकर ग्रामीणों को जागरूक किया। शिविर के दौरान स्वयंसेवियों ने अलग-अलग टोलियां बनाकर गांव की गलियों, नालियों और सार्वजनिक स्थलों की सफाई की। इस दौरान एकत्रित किए गए प्लास्टिक कचरे का वैज्ञानिक तरीके से निस्तारण किया गया। युवाओं ने न केवल श्रमदान किया, बल्कि ग्रामीणों को कचरा प्रबंधन के गुर भी सिखाए। सफाई अभियान के साथ ही स्वयंसेवियों ने गांव में एक जागरूकता रैली भी निकाली। स्वच्छ भारत-स्वस्थ भारत और गंदगी भगाओ-बीमारी मिटाओ जैसे नारों के साथ पूरा गांव गूंज उठा।