सोलन कॉलेज में सफाई अभियान में भाग लेते स्वयं सेवी। संवाद
संवाद न्यूज एजेंसी
सोलन। राजकीय महाविद्यालय सोलन में सात दिवसीय विशेष एनएसएस शिविर के दूसरे दिन स्वयंसेवियों ने उत्साह के साथ भाग लिया। दिन की शुरुआत प्रभात फेरी और योग सत्र से हुई, जिसमें प्रशिक्षकों ने छात्रों को शारीरिक व मानसिक स्वास्थ्य के प्रति जागरूक किया। इसके बाद स्वच्छता अभियान के तहत करीब 70 स्वयंसेवियों ने कॉलेज के बीबीए, वीवॉक विभाग और प्रोफेसर आवासीय परिसर में श्रमदान कर सफाई की। दोपहर के सत्र में इतिहास विभाग के सहायक प्रोफेसर प्रमोद ठाकुर ने व्यक्तित्व विकास और नेतृत्व क्षमता पर व्याख्यान दिया। उन्होंने छात्रों को समाज में सकारात्मक बदलाव लाने के लिए प्रेरित किया। शाम को सामाजिक विषयों पर वाद-विवाद प्रतियोगिता आयोजित की गई। दिन का समापन सांस्कृतिक कार्यक्रमों के साथ हुआ, जिसमें छात्रों ने लोक नृत्य और गायन की शानदार प्रस्तुतियां दीं।