रावमपा मित्तियां के स्वयंसेवी रास्ते के लिए श्रमदान करते हुए स्रोत : स्कूल
राष्ट्रीय सेवा योजना शिविर के पांचवें दिन मितियां में की प्रभात फेरी
संवाद न्यूज एजेंसी
नालागढ़ (सोलन)। राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला मितियां में राष्ट्रीय सेवा योजना (एनएसएस) शिविर के पांचवें दिन की शुरुआत प्रभात फेरी, योग और ध्यान सत्र से हुई। इसके बाद स्वयंसेवी छात्र-छात्राओं ने मितियां में रास्ते की सफाई की।
इस अवसर पर स्थानीय निवासी एवं अध्यापक जगदेव चंद ने बच्चों को केले वितरित किए। मितियां पंचायत के प्रधान गुरदीप सिंह ने बच्चों के कार्य से प्रसन्न होकर जलपान का आयोजन किया।
जीव विज्ञान प्रवक्ता बलवीर सिंह ने स्वयंसेवियों को नशे से दूर रहने के प्रति जागरूक किया। इस श्रमदान में राष्ट्रीय सेवा योजना के स्वयंसेवियों ने बढ़-चढ़कर भाग लिया। 4 अक्तूबर से शुरू हुए शिविर का समापन 10 अक्तूबर को होगा। इस अवसर पर योजना प्रभारी नरेश चंद्र, नीतू भारद्वाज, धीरज कुमार और जगदीश चंद भी उपस्थित रहे।