नालागढ़ के एसडीएम को ठेका न खोलने की मांग को लेकर ज्ञापन सौंपते हुए दभोटा के लोग-संवाद ग्रामीण।
कहा,खिलाड़ियों के गांव में नहीं खुलने देंगे ठेका,मांग नहीं मानी तो करेंगे आंदोलन
संवाद न्यूज एजेंसी
नालागढ़ (सोलन)। नशा मुक्ति की विरासत को बचाने के लिए नालागढ़ के दभोटा गांव के ग्रामीणों ने शराब ठेके के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है। शुक्रवार को दभोटा संघर्ष कमेटी के बैनर तले बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने एसडीएम और डीएसपी नालागढ़ को ज्ञापन सौंपकर गांव में किसी भी सूरत में शराब का ठेका न खोलने की मांग की। ग्रामीणों ने चेतावनी दी कि यदि उनकी मांग अनदेखी की गई, तो वे अनिश्चितकालीन आंदोलन शुरू करेंगे। संघर्ष कमेटी के सदस्य जिंदर पाल ने प्रशासन को बताया कि दभोटा गांव ने देश को मशहूर कबड्डी खिलाड़ी अजय ठाकुर समेत अंतरराष्ट्रीय व राष्ट्रीय स्तर के खिलाड़ी दिए हैं। यहां के युवाओं में खेलों के प्रति भारी उत्साह है। ग्रामीणों का तर्क है कि गांव में ठेका खुलने से युवा नशे की गिरफ्त में आ सकते हैं, जिससे उनका खेल करियर और गांव की खेल संस्कृति पूरी तरह बर्बाद हो जाएगी। प्रशासन को सौंपे ज्ञापन में ग्रामीणों ने एक पुराने दर्दनाक हादसे का भी जिक्र किया। उन्होंने बताया कि करीब 20 साल पहले भी गांव में ठेका खोलने की कोशिश हुई थी, जिसका विरोध करने पर हुए गोलीकांड में एक व्यक्ति की जान चली गई थी। ग्रामीणों ने स्पष्ट किया कि वे फिर से वैसी स्थिति नहीं चाहते और शांतिपूर्ण तरीके से अपनी आने वाली पीढ़ी को बचाना चाहते हैं। डीएसपी नालागढ़ भीष्म ठाकुर ने बताया कि पंचायत प्रतिनिधियों से इस संबंध में मुलाकात हुई है। उन्होंने कहा कि पुलिस का प्राथमिक कार्य क्षेत्र में कानून-व्यवस्था और शांति बनाए रखना है। मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए एसडीएम और आबकारी (एक्साइज) विभाग को अवगत करा दिया गया है। आगामी कार्रवाई हाईकोर्ट के आदेशों और प्रशासनिक निर्देशों के अनुरूप अमल में लाई जाएगी।